राजकोट, 15 नवंबर (CRICKETNMORE)| रविंद्र जडेजा के हरफनमौला खेल के दम पर सौराष्ट्र ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप-ए के मैच में गुरुवार को रेलवे को तीन विकेट से हरा दिया। रेलवे ने चौथी पारी में सौराष्ट्र के सामने 184 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे उसने मैच के आखिरी दिन गुरुवार को सात विकेट खोकर हासिल कर लिया। 

Advertisement

जडेजा 48 रनों पर नाबाद रहे। उनके साथ कमलेश माकवाना 14 रन बनाकर नाबाद रहे। 

Advertisement

इससे पहले जडेजा ने चार विकेट लेकर रेलवे को पहली पारी में सिर्फ 200 रनों पर ढेर कर दिया था और फिर नाबाद 178 रनों की पारी खेल सौराष्ट्र को पहली पारी में 348 का स्कोर प्रदान किया था। जडेजा ने दूसरी पारी में भी तीन विकेट लेते हुए रेलवे को 331 रनों पर ऑल आउट करने में अहम भूमिका निभाई। दूसरी पारी में धमेंद्रसिंह जडेजा ने पांच विकेट लिए। 

सौराष्ट्र को लक्ष्य का पीछा करने में आसानी नहीं रही। अविनाश यादव ने पांच विकेट लेकर उसकी राह मुश्किल कर दी। हालांकि शेल्डन जैक्सन (54) और जडेजा ने पांचवें विकेट के लिए 86 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की पटरी पर लौटाया और जडेजा ने अंत तक खड़े होकर सौराष्ट्र को जीत दिलाई। 

नागपुर के विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेला गया कर्नाटक और विदर्भ का मैच बेनतीजा रहा। कर्नाटक के सामने जीत के लिए महज 158 रनों का लक्ष्य था। लग रहा था कि मेहमान टीम आसानी से यह लक्ष्य हासिल कर लेगी, लेकिन उतार चढ़ाव भरे इस मैच में आदित्य सरवाते ने चार विकेट लेकर उसे परेशानी में डाल दिया। 

कर्नाटक ने मैच के चौथे और आखिरी दिन गुरुवार का अंत छह विकेट के नुकसान पर 76 रनों के साथ करते हुए किसी तरह मैच बचाया। 

Advertisement

उसके लिए रविकुमार समर्थ ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए तो वहीं कृष्णामूर्ति सिद्धार्थ ने 16 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई और बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका। 

वाल्साड में गुजरात और छत्तीसगढ़ के बीच खेला गया इस ग्रुप का एक और अन्य मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। 

गुजरात ने अपनी पहली पारी सात विकेट के नुकसान पर 538 रनों पर घोषित कर दी थी। जबाव में छत्तीसगढ़ ने विशाल कुशवाह 159 और कप्तान हरप्रीत सिंह 110 रनों की पारी के दम पर अपनी पहली पारी में 420 रन बनाए थे। 

Advertisement

गुजरात ने चौथे और आखिरी दिन अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 167 रनों के साथ मैच को ड्रॉ पर समाप्त किया। 

वडोदरा के मोती बाग स्टेडियम में खेला गया बड़ौदा और महाराष्ट्र का मैच भी ड्रॉ पर खत्म हुआ। 

बड़ौदा ने पहली पारी में 322 रन बनाए थे और महाराष्ट्र को पहली पारी में 268 रनों पर ही ढेर कर दिया था। बड़ौदा ने अपनी दूसरी पारी पांच विकेट के नुकसान पर 410 रनों पर घोषित करते हुए महाराष्ट्र के सामने 465 रनों का लक्ष्य रखा था। 

Advertisement

चौथे और आखिरी दिन महाराष्ट्र ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 217 रन बनाते हुए मैच ड्रॉ कर लिया। 

महाराष्ट्र के लिए रुतुराज गायकवाड़ ने नाबाद 118 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 217 गेंदों का सामना किया और 16 चौके और एक छक्का लगाया।

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार