भारतीय लेग स्पिनर राहुल चाहर ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने पत्नी ईशानी जौहर से अलग होने की पुष्टि की। राहुल ने लिखा कि वह इस अध्याय को गुस्से या पछतावे के साथ नहीं, बल्कि स्पष्टता और आत्मसम्मान के साथ बंद कर रहे हैं।

Advertisement

भारतीय क्रिकेटर राहुल चहर ने अपनी पत्नी ईशानी जौहर से अलग होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। दोनों ने 9 मार्च 2022 को गोवा में एक खूबसूरत बीच वेडिंग में शादी रचाई थी, लेकिन अब इस रिश्ते का अंत हो चुका है।

26 वर्षीय लेग स्पिनर ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक नोट शेयर करते हुए लिखा कि उन्होंने कम उम्र में शादी की थी, जब वह खुद को और अपनी जिंदगी की दिशा को पूरी तरह समझ नहीं पाए थे। उन्होंने लिखा कि बीते कुछ साल उनके लिए सीख से भरे रहे और पिछले पंद्रह महीनों में कोर्ट की कार्यवाही के दौरान उन्होंने धैर्य, सहनशीलता और सच्चाई की ताकत को करीब से महसूस किया।

राहुल ने आगे अपनी पोस्ट में लिखा, “आज मेरी जिंदगी का यह अध्याय औपचारिक रूप से खत्म हो रहा है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह मामला सुलझ गया है। मैं इस अध्याय को गुस्से या पछतावे के साथ नहीं, बल्कि स्पष्टता के साथ बंद कर रहा हूं। कुछ रिश्ते हमेशा के लिए नहीं होते, वे हमें जगाने, सिखाने और बदलने के लिए आते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि यह अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। वह अब अपने जीवन को आत्मसम्मान, शांति और बेहतर फैसलों के साथ आगे बढ़ाना चाहते हैं।

अगर राहुल चाहर के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए अब तक 1 वनडे और 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वनडे में उनके नाम 3 विकेट और टी20 में 7 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने आखिरी बार भारत के लिए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 में नामीबिया के खिलाफ मुकाबला खेला था। इसके बाद से वह राष्ट्रीय टीम में वापसी नहीं कर सके हैं।

Also Read: LIVE Cricket Score

हालांकि आईपीएल में राहुल का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। आईपीएल में उन्होंने 79 मैचों में 75 विकेट झटके हैं, जहां उनका औसत 28.67 का रहा है। आगामी सीजन के लिए आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 5.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि निजी जीवन के इस कठिन दौर के बाद राहुल मैदान पर किस तरह वापसी करते हैं और अपनी गेंदबाजी से टीम के लिए कितने कारगर साबित होते हैं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार