टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के स्टार ओपनर पथुम निसांका ने तूफानी शतक से टीम को आसान जीत दिलाकर ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस जीत के साथ श्रीलंका ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर सुपर-8 में जगह पक्की कर ली। वहीं ऑस्ट्रेलिया अब दूसरे टीमों के नतीजों पर निर्भर हो गई है। ग्रुप स्टेज से बाहर होने का खतरा पहली बार कंगारुओं के सामने साफ नजर आने लगा है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 30वें मुकाबले में सोमवार (16 फरवरी) को श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर पूरे ग्रुप-B का समीकरण ही बदल दिया। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पथुम निसांका ने महज 52 गेंदों में अपना पहला टूर्नामेंट शतक जड़ते हुए ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों की एक न चलने दी। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
इस जीत के साथ श्रीलंका के छह अंक हो गए और टीम सुपर-8 में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया के खाते में +0.414 के नेट रन रेट के साथ अब सिर्फ दो अंक हैं, जिससे उनकी राह बेहद मुश्किल हो चुकी है।
अब मुकाबला पूरी तरह बाकी टीमों पर टिका है। ग्रुप-B में शामिल जिम्बाब्वे टीम चार अंकों और +1.984 के नेट रन रेट के साथ के साथ मजबूत स्थिति में है और अगर वह अपने बचे हुए दो मैचों में से एक भी जीत लेती है, तो ऑस्ट्रेलिया का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। जिम्बाब्वे को अभी आयरलैंड और श्रीलंका से मुकाबला खेलना है।
ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें तभी जिंदा रहेंगी जब जिम्बाब्वे दोनों मैच हार जाए। इसके अलावा कंगारुओं को अपने आखिरी मुकाबले में ओमान को बड़े अंतर से हराकर नेट रन रेट भी बेहतर करना होगा। अगर श्रीलंका अपने आखिरी मैच में कुछ खिलाड़ियों को आराम देती है, तो जिम्बाब्वे को फायदा मिल सकता है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के लिए सुपर-8 का रास्ता और मुश्किल हो सकता है।
श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड और कप्तान मिचेल मार्श ने ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 51 गेंदों में 104 रन की शतकीय साझेदारी की। ट्रेविस हेड ने पचास ठोकते हुए 29 गेंदों में 56 रन ठोके, वहीं मिचेल मार्श ने भी अर्धशतक लगाते हुए 27 गेंदों में 54 रन की पारी खेली।
हालांकि इस धमाकेदार शुरुआत के बाद श्रीलंका ने शानदार वापसी की। कैमरून ग्रीन (3) और टिम डेविड (6) जल्दी आउट हो गए, जिससे रन गति पर असर पड़ा। जोश इंगलिस (27) और ग्लेन मैक्सवेल (22) ने कुछ रन जोड़े, लेकिन टीम 200 के पार नहीं जा सकी और 20 ओवरों में 181 रन पर सिमट गई।
Also Read: LIVE Cricket Score
जवाब में श्रीलंका की ओर से कुसल मेंडिस (51) ने भी अहम पारी खेली और निसांका के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी निभाई। इस दमदार प्रदर्शन के चलते श्रीलंका ने महज 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।