IPL 2026, Mumbai Indians vs Royal Challengers Bengaluru Highlights: वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में रविवार (12 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 18 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 240 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में मुंबई की टीम 222 रन तक ही पहुंच सकी। 

Advertisement

आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को विराट कोहली और फिल सॉल्ट ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 120 रन की बड़ी साझेदारी हुई। कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि फिल सॉल्ट ने 36 गेंदों में 78 रन की तूफानी पारी खेली।

मध्य ओवरों में कप्तान रजत पाटीदार ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में 53 रन ठोक दिए। वहीं आखिरी ओवरों में टिम डेविड ने 16 गेंदों में 34 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 240 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी में मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या को 1-1 विकेट मिला।

241 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। रयान रिकेल्टन ने 22 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि रोहित शर्मा 19 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हो गए। सूर्यकुमार यादव ने 33 रन बनाए, जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या ने 22 गेंदों में 40 रन की पारी खेली। निचले क्रम से शेरफेन रदरफोर्ड की 31 गेंदों में नाबाद 71 रन की तेज पारी जरूर आई, लेकिन टीम 20 ओवर में 222 रन तक ही पहुंच सकी।

RCB के लिए गेंदबाजी में सुयश शर्मा ने 2 विकेट झटके, जबकि जैकब डफी, क्रुणाल पांड्या और रसिख सलाम डार को 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने चौथे मुकाबले में तीसरी जीत हासिल की और 6 अंकों के साथ अंकतालिका में तीसरे स्थान पर मजबूती बनाई। वहीं मुंबई इंडियंस को चौथे मैच में तीसरी हार का सामना करना पड़ा और अंकतालिका में 2 अंक के साथ 9वें पायदान पर है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार