रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हेड कोच एंडी फ्लावर (Andy Flower) पर बीसीसीआई ने उनकी लागू मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। बोर्ड ने उन पर यह जुर्माना आईपीएल के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने पर लगाया है।
एंडी को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया, जो “मैच के दौरान अशोभनीय या अपमानजनक भाषा के प्रयोग” से संबंधित है।
यह घटना मुंबई इंडियंस के खिलाफ रविवार (10 मई) को रायपुर में खेले गए मुकाबले के दौरान आरसीबी की पारी के 17.2 ओवर के दौरान हुई, जब एंडी फ्लावर ने चौथे अंपायर से आक्रामक तरीके से बातचीत की।
एंडी ने अपना गलती स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा लगाए गए दंड को भी मान लिया।
यह घटना आरसीबी की बल्लेबाजी के दौरान के 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर हुई। क्रुणाल पांड्या ने हवाई शॉट खेला, लेकिन मुंबई इंडियंस के फील्डर तिलक वर्मा और नमन धीर कैच लेने में चूक गए। इसके बाद अंपायरों ने यह तय करने में काफी समय लिया कि बल्लेबाज को छक्का दिया जाए या नहीं।
बाउंड्री लाइन के पास मौजूद नमन ने गेंद को यह सोचकर वापस फेंक दिया कि वह बाउंड्री रोप्स के करीब हैं, लेकिन तिलक गेंद को पकड़ नहीं पाए। रिप्ले में दिखा कि नमन का पैर बाउंड्री कुशन पर नहीं था, इसलिए इसे छक्का नहीं दिया गया। हालांकि, यह फैसला आरसीबी के हेड कोच एंडी फ्लावर को पसंद नहीं आया और वह चौथे अंपायर से बहस करते नजर आए।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि इस रोमांचक मुकाबले में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर 2 विकेट से हरा दिया। इस रोमांचक जीत के साथ ही आरसीबी की टीम सनराइजर्स हैदराबाद को पछाड़कर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई।