यश दयाल (Yash Dayal) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए नहीं खेलेंगे। आरसीबी के क्रिकेट डायरेक्टर मो बोबाट ने पुष्टि की कि टीम के साथ दयाल का कॉन्ट्रैक्ट जारी रहेगा, लेकिन वह पूरे सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
बोबाट ने मंगलवार (24 मार्च) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,“ आज दिन में मैंने उनसे बात की थी, लेकिन यह तय किया कि जिस निजी स्थिति का वह सामना कर रहे हैं, उसे देखते हुए टीम में शामिल होना उनके और फ्रेंचाइजी के सबसे अच्छे हित में नहीं है।”
उन्होंने इस बारे में और ज़्यादा विस्तार से बात नहीं की।
दयाल ने पिछले साल जून में आईपीएल 2025 के बाद से कोई मुकाबला नहीं खेला है और वह यौन उत्पीड़न से जुड़े कानूनी आरोपों का सामना कर रहे हैं।
बोबाट ने आगे कहा, "यश दयाल की स्थिति थोड़ी पेचीदा थी। हमने ऑक्शन की योजना इस सबसे बुरे हालात को ध्यान में रखकर बनाई थी कि वह उपलब्ध नहीं होंगे।"
यश दयाल के ना होने से आरसीबी की तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट को थोड़ा झटका लगेगा। क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज शुरूआती मैचों में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। वह लंबे समय से चोट की समस्या से झूझ रहे हैं।
बोबाट ने कहा कि आरसीबी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ संपर्क में है और उन्हें उम्मीद है कि "वह बहुत जल्द टीम के साथ होंगे।"
तेज गेंदबाजी में आरसीबी के पास भारत के दिग्गज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार हैं। इसके अलावा अनकैप्ड भारतीय रसिख सलाम, अभिनंदन सिंह और मंगेश यादव भी हैं।
विदेशी तेज गेंदबाजों में जैकब डफी, नुवान तुषारा और ऑलराउंडर रोमिरियो शेफर्ड हैं।