WPL 2026, Gujarat Giants Women vs Royal Challengers Bengaluru Women Highlights: महिला प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का विजयी अभियान थमने का नाम नहीं ले रहा। गुजरात जायंट्स के खिलाफ दमदार  प्रदर्शन के दम पर RCB ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। बल्लेबाज़ी में गौतमी नायक की अर्धशतकीय पारी और गेंदबाज़ी में सयाली सतघरे की धार ने मैच का रुख पलट दिया। इस जीत के साथ ही बेंगलुरु ने प्लेऑफ का टिकट भी पक्का कर लिया।

Advertisement

महिला प्रीमियर लीग 2026 का 12वां मुकाबला सोमवार (19 जनवरी) को कोटांबी के वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया। मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया।

Advertisement

पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। ग्रेस हैरिस सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि कप्तान स्मृति मंधाना 26 रन ही जोड़ सकीं। जॉर्जिया वॉल भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, जिससे RCB दबाव में नजर आई।

इसके बाद गौतमी नायक ने मोर्चा संभाला और ऋचा घोष के साथ मिलकर पारी को संभालने का काम किया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 45 गेंदों में 69 रन की अहम साझेदारी हुई। गौतमी नायक ने शानदार लय में बल्लेबाज़ी करते हुए 55 गेंदों में 73 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि ऋचा घोष ने 27 रन का उपयोगी योगदान दिया।

डेथ ओवरों में राधा यादव ने 8 गेंदों में तेज़ 17 रन ठोककर स्कोर को और मजबूत किया। इन पारियों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 178 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

गुजरात जायंट्स की ओर से गेंदबाज़ी में एशले गार्डनर और काशवी गौतम ने 2-2 विकेट झटके। वहीं रेणुका सिंह और सोफी डिवाइन को 1-1 सफलता मिली।

Advertisement

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज़ बेथ मूनी (3) और सोफी डिवाइन (0) दूसरे ही ओवर में आउट हो गईं। इसके बाद कनिका आहूजा भी खाता तक नहीं खोल सकीं।

हालांकि, एक छोर से एशले गार्डनर ने संघर्ष करते हुए 43 गेंदों में 54 रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। नतीजा यह रहा कि गुजरात 117 रन तक ही पहुंच सकी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से गेंदबाज़ी में सयाली सतघरे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। नदीन डी क्लर्क को 2 विकेट मिले, जबकि लॉरेन बेल, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव ने 1-1 सफलता हासिल की।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

कुल मिलाकर नतीजा यह रहा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात जायंट्स को 61 रन से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और प्लेऑफ में जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई। वहीं गुजरात जायंट्स को पांचवें मुकाबले में तीसरी हार झेलनी पड़ी, जिससे उसका प्लेऑफ सफर अब मुश्किल होता नजर आ रहा है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार