आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से हराकर दमदार शुरुआत की। इस मैच में भारत के लिए स्मृति मंधाना ने अर्धशतक लगाया तो वहीं, दूसरी ओर दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। हालांकि, इन दोनों के अलावा एक और खिलाड़ी रही जिसने जीत में अहम भूमिका निभाई और वो कोई और नहीं बल्कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष थीं।
बर्मिंघम के एजबेस्टन में ऋचा ने 17 गेंदों पर 34 रनों की तूफ़ानी पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। नंबर 6 पर बैटिंग करते हुए ऋचा ने भारत को पारी के आखिर में ज़रूरी तेज़ी दी और निडर होकर शॉट खेलकर मैच का रुख बदल दिया। इस दौरान 19वें ओवर में तो उन्होंने चौक-छक्कों की झड़ी ही लगा दी और कुल 23 रन लूट लिए।
पाकिस्तान की तेज़ गेंदबाज़ तास्मिया रुबाब भारतीय पारी का 19वां ओवर कर रही थीं और इस ओवर की आखिरी चार गेंदों पर ऋचा ने 3 चौके और छक्का जड़ते हुए ओवर से कुल 23 रन लूट लिए। इस ओवर में एक चौका दीप्ति शर्मा ने भी लगाया था। ऋचा की इस आतिशी पारी का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को मुनीबा अली ने संभालने की कोशिश की। उन्होंने 35 गेंदों में 41 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। गल फिरोजा और आयशा जफर ने 12-12 रन बनाए, जबकि सायरा जबीन 2 और नतालिया परवेज 7 रन बनाकर आउट हो गईं। कुल मिलाकर मुनीबा अली के अलावा पाकिस्तान का कोई बल्लेबाज प्रभाव नहीं छोड़ सका और सात बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीं। नतीजन पूरी टीम 17 ओवर में सिर्फ 106 रन पर सिमट गई। भारत की जीत की सबसे बड़ी हीरो दीप्ति शर्मा रहीं। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके और पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। श्री चरणी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए, जबकि शेफाली वर्मा को 1 विकेट मिला।