यूपी टी20 लीग (UP T20 League 2026) में मेरठ मेवरिक्स की कप्तानी कर रहे भारतीय युवा स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह (Rinku Singh) मैदान पर अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ अपने मस्ती भरे अंदाज को लेकर भी चर्चा में हैं। मंगलवार (25 अगस्त) को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मेरठ मेवरिक्स और कानपुर सुपर स्टार्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान रिंकू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
दरअसल, मैच के दौरान रिंकू सिंह बाउंड्री के पास फील्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान स्टैंड्स में मौजूद एक फैन ने उनसे सवाल पूछते हुए कहा, “रिंकू भैया, ये इतने लंबे-लंबे शॉट लगाते हो, पावर कहां से आती है?”
फैन यहीं नहीं रुका। उसने रिंकू से अपना बाइसेप दिखाने की भी मांग कर दी। फैन ने कहा, “दिखा दीजिए बाइसेप।” रिंकू ने भी फैन की इस मजेदार डिमांड को नजरअंदाज नहीं किया और अपनी शर्ट की आस्तीन ऊपर कर बाइसेप दिखा दिया। रिंकू के इस अंदाज को देखकर स्टैंड्स में मौजूद फैंस खुशी से झूम उठे।
VIDEO:
वहीं रिंकू ने इसी मुकाबले में बल्ले से भी अपनी पावर का शानदार नमूना पेश किया। बारिश के कारण मैच को पांच ओवर प्रति पारी का कर दिया गया था। मेरठ मेवरिक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 96 रन बनाए और इसमें रिंकू सिंह ने सिर्फ 10 गेंदों पर 30 रन की तूफानी पारी खेली।
रिंकू ने अपनी छोटी सी पारी में चार छक्के लगाए और आते ही गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। मेरठ की टीम ने सिर्फ 29 रन पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे और उसे आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की जरूरत थी। ऐसे समय में कप्तान रिंकू ने मोर्चा संभाला और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
जवाब में कानपुर सुपर स्टार्स की टीम पांच ओवर में 3 विकेट खोकर 77 रन ही बना सकी और मेरठ मेवरिक्स ने यह मुकाबला 19 रन से अपने नाम कर लिया।