टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने आखिरी लीग मैच में भारत ने नीदरलैंड को 17 रन से शिकस्त देकर ग्रुप स्टेज का शानदार समापन किया। इस मैच में भारत के बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिला लेकिन आखिरी ओवर में रिंकू सिंह ने भी एक छ्क्का लगाकर मेला लूट लिया। उनके इस छक्के से स्टेडियम में खड़ी Hyundai की नई चमचमाती कार भी बाल-बाल बच गई।
रिंकू के बल्ले से ये छक्का भारतीय पारी के 20वें ओवर की चौथी गेंद पर देखने को मिला। नीदरलैंड के तेज गेंदबाज लोगान वैन बीक ने गेंद बिल्कुल रिंकू सिंह के रडार में दी और रिंकू ने पूरी ताकत के साथ इस गेंद को बाउंड्री के पार 6 रन के लिए भेज दिया। उनका ये शॉट स्टेडियम में खड़ी Hyundai कार के पास जाकर गिरा और कुछ ही दूरी से गेंद गाड़ी पर लगने से बच गई। इस छक्के का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
इस मैच की बात करें तो भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया। हालांकि शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। ईशान किशन ने 7 गेंदों में 18 रन बनाकर तेजी दिखाते हुए कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन वो भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। मध्यक्रम में तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने कुछ देर पारी संभाली। तिलक ने संयम के साथ 27 गेंदों में 31 रन जोड़े, जबकि कप्तान सूर्यकुमार ने 28 गेंदों में 34 रनों की उपयोगी पारी खेली। इसके बाद शिवम दुबे ने जिम्मेदारी उठाते हुए हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रन की अहम साझेदारी निभाई। दुबे ने 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से 31 गेंदों में 66 रन ठोके, वहीं हार्दिक पांड्या ने 21 गेंदों में 30 रन की अहम पारी खेली। इन पारियों की चलते भारत ने 193 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड तेज शुरुआत नहीं कर पाई। मैक्स ओ'डॉड (24) और माइकल लेविट (20) रन ही जोड़े सके। इसके बाद बेस डी लीडे 23 गेंदे 33 और कॉलिन एकरमेन 15 गेंद 23 रन ने कुछ प्रयास किया, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। इसके अलावा अंत के ओवरों में जैक लायन-कैशेट (26) और नूह जोसेफ (25) ने भी कुछ संघर्ष किया, लेकिन टीम 176 रन तक ही पहुंच सकी। भारत के लिए गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने 3 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट झटके, वहीं शिवम दुबे ने 2 विकेट चटकाए। इसके अलावा हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने भी 1-1 सफलता हासिल की।