SLC-XI vs IND Warm-Up Match: भारत और श्रीलंका क्रिकेट XI के बीच कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेले गए तीन दिवसीय वार्म-अप मुकाबले के तीसरे दिन भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) अपने मजेदार अंदाज को लेकर चर्चा में आ गए।
दरअसल, भारत की दूसरी पारी में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे पंत शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी कर रह थे। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पहली 21 गेंदों पर कोई बड़ा शॉट नहीं लगाया था। इसके बाद पंत ने धीरे-धीरे अपना गियर बदला और स्पिन गेंदबाज काशारा नुवान्था की गेंद पर छक्का लगाकर अपने पुराने अंदाज में वापसी की। इसके बाद उन्होंने दिलुम सुदीरा की गेंद को भी छक्के के लिए भेज दिया।
हालांकि, सुदीरा ने पंत को रोकने के लिए लेग स्टंप के बाहर गेंद डालनी शुरू कर दी। इसी दौरान एक गेंद इतनी बाहर थी कि पंत को उसे खेलने की जरूरत ही नहीं थी। ऐसे में पंत ने मजेदार अंदाज में उस गेंदों को पैर से ही किक मारकर दूर कर दिया। पंत के इस फुटबॉल वाले अंदाज को देखकर कमेंटेटर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। उनका यह मजेदार अंदाज कैमरे में कैद हो गया और वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।
VIDEO:
इस पारी में पंत ने कुल 68 गेंदों का सामना किया और 28 रन बनाए, लेकिन बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में कैच आउट होकर अपनी विकेट दे बैठे।
मैच की बात करें तो श्रीलंका क्रिकेट XI ने रविवार (9 अगस्त) को तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी 6 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाकर घोषित की और भारत के सामने जीत के लिए 207 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 105 रन की शतकीय साझेदारी की। यशस्वी जायसवाल 46 गेंदों में 61 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए, जबकि शुभमन गिल ने 54 गेंदों में 44 रन की पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि, मुकाबले का असली फिनिश मोहम्मद सिराज ने किया। सिराज ने सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 32 रन की तूफानी कैमियो पारी खेलकर भारत को आखिरी ओवर में लक्ष्य के पार पहुंचा दिया। भारत ने यह वार्म-अप मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया।