Rishabh Pant Injury Update: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन भी भारतीय स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) विकेटकीपिंग करते हुए नजर नहीं आए। पंत की जगह मंगलवार (25 अगस्त) को भी ध्रुव जुरेल ने विकेट के पीछे जिम्मेदारी संभाल रखी। इसी बीच टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने पंत की फिटनेस पर बड़ी अपडेट दी है।
दिन का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्केल ने बताया कि पंत के दाएं कंधे पर चोट लगी है और इसी वजह से उनकी मूवमेंट प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि पंत ने तीसरे दिन सुबह वॉर्म-अप करने की कोशिश की थी, लेकिन कंधे में चोट के कारण उनकी मूवमेंट सीमित थी। मोर्केल ने आगे कहा कि टीम पंत की स्थिति पर नजर रख रही है और उम्मीद है कि वह चौथे दिन विकेट के पीछे जिम्मेदारी संभालने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
गौरतलब है कि दूसरे दिन पहली पारी के 94वें ओवर में असिथा फर्नांडो के बाउंसर से पंत के दाहिने कंधे पर यह चोट लगी थी। पंत के लिए यह सीरीज अब तक बल्ले से अच्छी रही है। भारत की पहली पारी में उन्होंने 89 गेंदों में 63 रन की शानदार पारी खेली थी। इससे पहले बल्लेबाजी के दौरान उनके बाएं हाथ की कलाई पर भी चोट लगी थी, लेकिन इसके बावजूद वह बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे और अपनी पारी पूरी की।
मैच की बात करें तो भारत ने अपनी पहली पारी 9 विकेट के नुकसान पर 503 रन बनाकर घोषित की थी। भारत के लिए देवदत्त पडिक्कल ने 117 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 8 विकेट के नुकसान पर 265 रन बना चुकी थी। मेजबान टीम अभी भारत के पहली पारी के स्कोर से 238 रन पीछे है और उसके सिर्फ दो विकेट बाकी हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत की ओर से मानव सुथार और प्रसिद्ध कृष्णा सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। दोनों गेंदबाज अब तक श्रीलंका की पहली पारी में तीन-तीन विकेट अपने नाम कर चुके हैं।