भारतीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के अफगानिस्तान के खिलाफ लगाए गए शानदार शतक के बाद 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत के बैकअप विकेटकीपर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी अपनी राय रखी है।
अफगानिस्तान के खिलाफ बुधवार (17 जून) को लखनऊ में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में ईशान किशन ने 79 गेंदों में शानदार 125 रन की पारी खेलकर एक बार फिर भारतीय टीम में अपनी दावेदारी मजबूत की है। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक था। जहां कई लोग इस प्रदर्शन के बाद उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत का बैकअप विकेटकीपर मानने लगे हैं, वहीं पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इस मामले में थोड़ा अलग सोच रखते हैं।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा कि अभी 2027 वर्ल्ड कप को लेकर कोई अंतिम फैसला लेना जल्दबाजी होगी। उनके अनुसार केएल राहुल भारत के पहले पसंदीदा विकेटकीपर रहेंगे, लेकिन दूसरे विकेटकीपर की रेस में ऋषभ पंत को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
अश्विन ने कहा कि ईशान किशन बैकअप विकेटकीपर के तौर पर मजबूत दावेदार जरूर हैं, लेकिन अभी से उनके लिए वर्ल्ड कप का टिकट पक्का मान लेना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि साउथ अफ्रीका में होने वाले 2027 वर्ल्ड कप को देखते हुए ऋषभ पंत को वनडे क्रिकेट में और मौके मिलने चाहिए।
पूर्व स्पिनर ने यह भी कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ ईशान की पारी शानदार थी, लेकिन उस पारी के आधार पर वर्ल्ड कप टीम का फैसला नहीं किया जा सकता। अश्विन ने अफगानिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण पर भी सवाल उठाए और कहा कि यह ऐसा अटैक नहीं था जिसके खिलाफ प्रदर्शन के आधार पर इतने बड़े फैसले लिए जाएं।
अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो ऋषभ पंत ने भारत के लिए 31 वनडे मैचों में 33.50 की औसत और 106 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 871 रन बनाए हैं। वहीं ईशान किशन के आंकड़े भी काफी प्रभावशाली हैं। उन्होंने 29 वनडे मैचों में 45.50 की औसत और 107.69 के स्ट्राइक रेट से 1092 रन बनाए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
फिलहाल केएल राहुल भारत के प्रमुख विकेटकीपर बल्लेबाज बने हुए हैं, लेकिन 2027 वर्ल्ड कप के लिए दूसरे विकेटकीपर की रेस में ईशान किशन और ऋषभ पंत दोनों ही मजबूत दावेदार नजर आ रहे हैं। ऐसे में आने वाले महीनों में इन दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन चयनकर्ताओं के लिए अहम भूमिका निभा सकता है।