Rohit Sharma Record: भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला (IND vs AFG 1st ODI) बीते शनिवार, 13 जून को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेला गया था जहां मेजबान टीम के दिग्गज बल्लेबाज़ रोहित शर्मा (Rohit Sharma) कुछ खास नहीं कर पाए और अनलकी तरीके से 16 रनों के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए। गौरतलब है कि इन सब के बावजूद हिटमैन के नाम एक बेहद ही खास रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
दरअसल, 39 वर्षीय रोहित शर्मा ने धर्मशाला में 16 रनों की छोटी पारी खेलकर भी बतौर सलामी बल्लेबाज़ इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 16,000 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने ये मुकाम अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में अपना छठा रन पूरा करते ही हासिल कर लिया था। इस करिश्माई आंकड़ें तक पहुंचने के लिए रोहित ने 384 इनिंग खेली है।
खास बात तो ये है कि रोहित शर्मा, वीरेंद्र सहवाग के बाद भारत के लिए बतौर सलामी बल्लेबाज़ 16,000 रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं। महान सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर भी अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान ये कारनामा नहीं कर पाए थे। ध्यान दें कि दुनिया के भी सिर्फ सात ही खिलाड़ियों ने सलामी बल्लेबाज़ी करके इंटरनेशनल लेवल पर 16,000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं।
इस लिस्ट में रोहित शर्मा और वीरेंद्र सहवाग के अलावा सिर्फ श्रीलंका के सनथ जयसूर्या, वेस्टइंडीज के क्रिस गेल, ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर, साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और वेस्टइंडीज के डेसमंड हेन्स मौजूद हैं।
Rohit Sharma Became the second Indian to score 16000 International runs as Opener! pic.twitter.com/FDI31225XJ
— CRICKETNMORE (@cricketnmore) June 13, 2026
ऐसा रहा मैच का हाल: धर्मशाला वनडे बारिश के कारण प्रभावित रहा जिस वज़ह से इसे 25-25 ओवर का खेला गया। यहां भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने ही टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी जिसके जवाब में अफगानिस्तान ने रहमानुल्लाह गुरबाज़ (51 गेंदों पर 102 रन) की शतकीय पारी के दम पर स्कोर बोर्ड पर 194 रन टांगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब भारत के सामने जीत हासिल करने के लिए 195 रनों का लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए कैप्टन शुभमन गिल ने एक छोर संभाला और 66 गेंदों पर नाबाद 84 रन ठोके। उनके अलावा ईशान किशन (22 गेंदों पर 34 रन) और केएल राहुल (19 गेंदों पर नाबाद 39 रन) ने भी अहम रन जोड़े जिसके दम पर मेजबान टीम ने 22.5 ओवर में टारगेट हासिल करके 7 विकेट से जीत दर्ज की। इसी के साथ अब भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।