रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने शनिवार (29 जून) को बारबाडोस में खेले गए फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी अपने नाम की। रोमांचक जीत के साथ ही भारत का आईसीसी ट्रॉफी जीत का 11 साल का सूखा भी खत्म हो गया।
इस जीत के बाद पूरी टीम सहित कप्तान रोहित भी काफी इमोशनल दिखाई दिए। पहले उनकी आखों से आंसू छलके और फिर सेलिब्रेशन के बाद उन्होंने पिच को जाकर नमन किया।
आईसीसी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट की, जिसें रोहित ने बारबाडोस के स्टेडियम की पिच की मिट्टी को अपने मुंह से लगाया और उसे नमन किया। रोहित के लिए यह जीत क्या मायने रखती है वो इस वीडियो में देखा जा सकता है। रोहित का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
बता दें कि वर्ल्ड कप जीत के साथ ही रोहित ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। हालांकि वह भारत के लिए टेस्ट औऱ वनडे क्रिकेट खेलते रहेंगे।
रोहित ने इस फॉर्मेट के टॉप स्कोरर के रूप में अपना करियर खत्म किया। उन्होंने 151 पारियों में 4231 रन बनाए।, जिसमें उन्होंने पांच शतक भी जड़े। वह दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने जिन्होंने दो टी-20 र्ल्ड कप जीते, 2007 में बतौर खिलाड़ी और अब कप्तान के तौर पर।
इस वर्ल्ड कप में रोहित भारत के सबसे सफल खिलाड़ी रहे औऱ उन्होंने 8 पारी में 257 रन बनाए। हालांकि रोहित फाइनल में कुछ खास नहीं कर पाए।
इस मुकाबले में जीत के साथ रोहित ने खास रिकॉर्ड बना दिया। वह दुनिया के पहले खिलाड़ी बने जिन्होंने बतौर कप्तान 50 टी-20 इंटरनेशनल मैच जीते।