India vs England ODI Series: भारत और इंग्लैंड के बीच 14 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा इंग्लैंड पहुंच चुके हैं। उन्होंने सीरीज से पहले वहां की परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने के लिए जल्दी पहुंचने का फैसला किया है।
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली अगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। रोहित बाकी खिलाड़ियों से पहले इंग्लैंड पहुंच गए हैं ताकि वहां की परिस्थितियों में खुद को अच्छी तरह ढाल सकें।
टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 39 वर्षीय रोहित शर्मा इन दिनों लंदन के स्थानीय क्रिकेट क्लबों में अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले बर्कशायर के स्लो क्रिकेट क्लब में ट्रेनिंग की और इसके बाद स्विनकॉम्ब क्रिकेट क्लब में अपनी प्रैक्टिस जारी रखी। जल्द ही वह बर्मिंघम में भारतीय वनडे टीम से जुड़ेंगे।
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई को एजबेस्टन, बर्मिंघम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 16 जुलाई को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में होगा, जबकि तीसरा और आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा।
रोहित शर्मा के लिए इंग्लैंड की धरती हमेशा से काफी खास रही है। उन्होंने इंग्लैंड में खेले गए 27 वनडे पारियों में 64.90 की शानदार औसत से 1428 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक और 7 अर्धशतक निकले हैं। सबसे खास बात यह है कि रोहित ने 7 में से 5 शतक 2019 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान लगाए थे। ऐसे में एक बार फिर इंग्लैंड की परिस्थितियां उनके लिए लकी साबित हो सकती हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर इस साल के उनके वनडे प्रदर्शन पर नजर डालें तो रोहित ने अब तक 6 मुकाबलों में 204 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 34.00 और स्ट्राइक रेट 100 का रहा है। उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी निकला है और उनका सर्वोच्च स्कोर 79 रन रहा है। हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने 16, 48 और 79 रन की पारियां खेली थीं।