राजस्थान रॉयल्स की टीम इस समय मौजूदा आईपीएल सीजन में ज़बरदस्त फ़ॉर्म में है। रियान पराग की कप्तानी में, टीम ने अब तक टूर्नामेंट में अपने चारों मैच जीते हैं लेकिन शानदार खेल के बावजूद ये फ्रेंचाईजी एक गलत वजह के चलते सुर्खियों में आ गई है। गुवाहाटी में RCB के ख़िलाफ़ जीत के बावजूद, RR के टीम मैनेजर रोमी भिंडर सुर्खियाों में हैं।
दरअसल, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर रोमी भिंडर का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वो टीम के डगआउट में फ़ोन इस्तेमाल करते हुए देखे गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो क्लिप में, रोमी भिंडर वैभव सूर्यवंशी के साथ बैठे नज़र आ रहे हैं और टीम मैनेजर को अपना फ़ोन इस्तेमाल करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद फैंस बीसीसीआई से मामले में दखल देने की मांग भी कर रहे हैं।
आईपीएल मैचों के दौरान मोबाइल फ़ोन के इस्तेमाल पर सख़्त पाबंदी है। आईपीएल के साफ़ दिशा-निर्देशों के मुताबिक, लाइव मैचों के दौरान टीम के डगआउट में निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक है। ऐसा पेशेवर रवैया बनाए रखने और किसी भी संभावित प्रोटोकॉल उल्लंघन से बचने के लिए किया जाता है। यही कारण है कि भिंडर की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं।
पीटीआई के अनुसार, BCCI के एक अधिकारी ने कहा, "हां, भिंडर ने वास्तव में 'खिलाड़ी और मैच अधिकारी क्षेत्र' (PMOA) के प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है, क्योंकि मैच के दौरान डगआउट में फ़ोन ले जाने पर प्रतिबंध है। टीम मैनेजर ड्रेसिंग रूम में फ़ोन का इस्तेमाल कर सकता है, लेकिन डगआउट में नहीं। ये अनजाने में हो सकता है, लेकिन इस पर कोई न कोई कार्रवाई ज़रूर होगी, क्योंकि ये प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना जाता है। उन्हें चेतावनी दी जाएगी या उन पर मैच का प्रतिबंध लगेगा, ये मैच रेफ़री और ACU की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। उस रिपोर्ट के आधार पर आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल (GC) कोई फ़ैसला ले सकती है।"
Also Read: LIVE Cricket Score
ऐसे में अभी ये देखना बाकी है कि भिंडर के ख़िलाफ़ क्या कार्रवाई की जाती है, लेकिन आने वाले दिनों में उनके और उनकी फ़्रैंचाइज़ी के ख़िलाफ़ कुछ न कुछ कार्रवाई होने की उम्मीद है। बता दें कि अपनी चौथी जीत दर्ज करने के बाद, राजस्थान रॉयल्स का अगला मुक़ाबला सनराइज़र्स हैदराबाद से होगा। दोनों टीमें 12 अप्रैल को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में टूर्नामेंट के 21वें मैच में आमने-सामने होंगी। अपनी मौजूदा फ़ॉर्म को देखते हुए, RR अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने की कोशिश करेगी, जबकि SRH अपने प्रदर्शन में काफ़ी सुधार की उम्मीद करेगी।