चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ IPL 2026 के मुकाबले में उन्होंने CSK के लिए कप्तान के तौर पर 1000 रन पूरे कर लिए।
ऋतुराज गायकवाड़ ने शुक्रवार (15 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 59वें मुकाबले में इतिहास रच दिया। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ऋतुराज ने कप्तान के तौर पर CSK के लिए अपने 1000 रन पूरे कर लिए।
गायकवाड़ को इस खास मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ 2 रन की जरूरत थी और उन्होंने यह उपलब्धि बड़ी आसानी से हासिल कर ली। हालांकि उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चली और वह 9 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन यह छोटी पारी भी उन्हें रिकॉर्ड बुक में जगह दिलाने के लिए काफी रही।
ऋतुराज गायकवाड़ अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कप्तान के तौर पर 1000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। IPL 2024 से CSK की कप्तानी संभालने वाले गायकवाड़ ने यह उपलब्धि अपने सिर्फ 31वें मुकाबले में हासिल की है। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने किया था। धोनी ने 2008 से 2025 तक CSK की कप्तानी करते हुए 221 मैचों में 4469 रन बनाए थे।
CSK के लिए कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी और ऋतुराज गायकवाड़ के बाद रविंद्र जडेजा और सुरेश रैना का नाम शामिल है। जडेजा ने साल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते हुए 8 मुकाबलों में 112 रन बनाए थे। वहीं सुरेश रैना ने 2010 से 2019 के बीच महेंद्र सिंह धोनी की गैरमौजूदगी में स्टैंड-इन कप्तान के तौर पर टीम की कमान संभाली और 5 मैचों में 88 रन बनाए थे।
CSK के लिए कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा IPL रन:
- महेंद्र सिंह धोनी – 4469 रन
- ऋतुराज गायकवाड़ – 1011 रन
- रविंद्र जडेजा – 112 रन
- सुरेश रैना – 88 रन
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 71 रन बनाए। वहीं शिवम दुबे ने आखिरी ओवरों में तूफानी अंदाज दिखाते हुए सिर्फ 16 गेंदों में नाबाद 32 रन ठोक दिए।