Sai Sudharsan Hit Wicket Video: गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) के सलामी बल्लेबाज़ साईं सुदर्शन (Sai Sudharsan) बीते शुक्रवार, 29 मई को IPL 2026 के क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के खिलाफ 32 गेंदों पर 58 रन बनाकर आउट हुए। गौरतलब है कि साईं ने हिट विकेट होकर अपना विकेट खोया जिसके साथ ही अब वो एक अनचाही रिकॉर्ड लिस्ट का हिस्सा बन गए हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, 24 वर्षीय साईं अब मेंस टी20 क्रिकेट के इतिहास के सिर्फ ऐसे तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं जो कि इस फॉर्मेट में तीन बार हिट विकेट आउट हुए हैं। उनसे पहले वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल और पाकिस्तान के शोएब मलिक ही तीन-तीन बार टी20 में हिट विकेट आउट हुए। ध्यान दें कि साईं IPL के दौरान ही तीनों बार हिट विकेट हुए हैं।
IPL19 के क्वालीफायर-2 में ये घटना GT की इनिंग के 13वें ओवर में घटी। राजस्थान रॉयल्स के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ बृजेश शर्मा करने आए थे जिनकी पांचवीं गेंद (फुल टॉस) पर साईं ने कवर पॉइंट की तरफ ड्राइव शॉट खेला। यहां वो अपने बैट को संभाल नहीं पाए जो कि उनके हाथ से छूट गया और फिर सिर से ऊपर से फ्लिप करके सीधा स्टंप से टकराया। आप नीचे इस घटना का पूरा वीडियो देख सकते हो।
याद दिला दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले (गुजरात टाइटंस का पिछला मैच) में भी साईं ऐसे ही आउट हुए थे और उन्हें 9 गेंदों पर 14 रन बनाकर पवेलियन लौटना पड़ा था। सबसे बड़ी बात इन दोनों ही मौकों (जब वो IPL 2026 में हिट विकेट आउट हुए) पर बॉल चौके के लिए बाउंड्री के बाहर गई थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऐसा रहा मैच का हाल: IPL19 का क्वालीफायर-2 मुल्लांपुर के PCA स्टेडियम में खेला गया था जहां राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी (47 गेंदों पर 96 रन) की शानदार पारी के दम पर 215 रनों का लक्ष्य स्कोर बोर्ड पर टांगा। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस के लिए कैप्टन शुभमन गिल ने 53 गेंदों पर 104 रनों की शतकीय पारी खेली। इसी के दम पर टीम ने 18.4 ओवर में 215 रन बनाकर राजस्थान रॉयल्स पर 7 विकेट से जीत दर्ज की। यानी उन्हें भी फाइनल का टिकट मिल गया है और अब वो खिताबी जंग के लिए अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ते नज़र आएंगे।