भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल में मुकाबले के साथ-साथ मैदान पर पाकिस्तानी ऑलराउंडर सैम अयूब (Saim Ayub) के सेलिब्रेशन ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं थी। उन्होंने भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को आउट करने के बाद ऐसा इशारा किया था, जिस पर अब पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज अहमद शहजाद भी खूब भड़के हैं।
दरअसल, सैम अयूब ने वैभव सूर्यवंशी को 9 गेंदों में 15 रन के स्कोर पर आउट किया। इसके बाद उन्होंने दोनों हाथों से बेबी क्रैडल सेलिब्रेशन किया। वैभव सूर्यवंशी ने अयूब के इस सेलिब्रेशन पर किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी। वह चुपचाप मैदान से बाहर चले गए और डगआउट की ओर लौट गए।
सैम अयूब के इस सेलिब्रेशन के वीडियो सामने आने के बाद अब पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज अहमद शहजाद ने उनकी जमकर आलोचना की है। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए शहजाद ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाड़ी मैदान पर इस तरह की एक्टिंग करने के बजाय अपने प्रदर्शन पर ध्यान दें।
शहजाद ने कहा, “आप लोग क्या कर रहे हो? दुनिया के सामने आप बच्चे बने हुए हैं। पिछले तीन-चार महीनों में आपको भारत से चार बार हार का सामना करना पड़ा है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने कभी ऐसा नहीं किया। जब भारत आपके साथ ऐसा करेगा तब आप रोने लगेंगे। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे इशारे करने की क्या ज़रूरत है। आपको अपनी परफॉर्मेंस सुधारनी चाहिए और बल्ले या गेंद से जवाब देना चाहिए।"
VIDEO:
मुकाबले की बात करें तो भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड मेडल अपने नाम किया। निस्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 212 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 61 रन की शानदार पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने महज 22 गेंदों में नाबाद 51 रन ठोक दिए।
Also Read: LIVE Cricket Score
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 192 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने जरूर 51 गेंदों में 96 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन इसके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज ज्यादा देर नहीं टिक पाया।