बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान सलमान अली आगा का विवादित रन-आउट देखने को मिला। जब मेहदी हसन मिराज ने उन्हें रनआउट कर दिया तो सलमान का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने अपना हेलमेट और ग्लव्स भी गुस्से में जमीन पर पटक दिए। अब उनके गुस्से में किए गए बर्ताव के लिए आईसीसी ने अपना चाबुक चलाया है।
सलमान अली आगा को मैच रेफरी ने फटकार लगाई है। मैच रेफरी नियमुरा राशिद ने सलमान को एक डिमेरिट अंक भी दिया है। इस गलती को आईसीसी के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के तहत 'लेवल 1 का उल्लंघन' माना गया है। इस अनुच्छेद में किसी भी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट के सामान, कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्स्चर का गलत इस्तेमाल या उन्हें नुकसान पहुंचाना शामिल है।
नियमुरा ने कहा कि आगा के मामले में फैसला सुनाते समय उन्हें निष्पक्ष रहना पड़ा, भले ही आगा का पहले ऐसा कोई भी गलत काम करने का इतिहास न रहा हो। इस पाकिस्तानी बल्लेबाज़ को उनके इस बर्ताव के लिए फटकार लगाई गई है और एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है। नियमुरा ने डेली स्टार बांग्लादेश से कहा, "ये खास घटना मैदान से बाहर निकलते समय क्रिकेट के सामान के साथ बदसलूकी करने से जुड़ी थी। सलमान आगा की बात करें, तो उनका ऐसा बर्ताव करने का कोई पिछला रिकॉर्ड नहीं है। फैसला सुनाते समय हमें निष्पक्षता बनाए रखनी होती है। इसलिए, हमने उन्हें फटकार लगाई है और एक डिमेरिट पॉइंट दिया है।"
मैच रेफरी ने ये भी कहा कि आगा और बांग्लादेश के खिलाड़ियों के बीच हुई तीखी बहस को लेकर कोई आरोप नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने इसे एक गलतफहमी माना और इस मामले पर अपनी रिपोर्ट आईसीसी को पहले ही सौंप दी है। उन्होंने आगे कहा, "हमने नियमों, अपनी ट्रेनिंग और खेलने की स्थितियों पर भी विचार किया। अंतिम फैसला लेने से पहले हमने आईसीसी के साथ इस मामले पर चर्चा की। निष्पक्षता के नज़रिए से, हमने ये फैसला सुनाया।"
दरअसल, ये घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुई जब मेहदी हसन मिराज गेंदबाजी कर रहे थे। उस समय क्रीज पर मोहम्मद रिजवान और सलमान अली आगा अच्छी साझेदारी बना रहे थे। रिजवान अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे जबकि आगा भी रनगति को बनाए हाए थे और 64 रन पर खेल रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर रिजवान ने सीधा शॉट खेला, जो नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े सलमान आगा के पैड से टकराकर रुक गया। आगा ने खेल भावना दिखाते हुए गेंद उठाई और उसे गेंदबाज मेहदी हसन मिराज को देने की कोशिश की। लेकिन मिराज ने मौका देखते ही गेंद उठाई और सीधे स्टंप्स पर मार दी, क्योंकि उस समय आगा क्रीज से बाहर थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की और अंपायर को नियमों के तहत सलमान आगा को रन आउट देना पड़ा। ये फैसला देखकर आगा हैरान रह गए और काफी नाराज भी दिखे। पवेलियन लौटते समय उनका गुस्सा साफ नजर आया और उन्होंने बाउंड्री लाइन के पास अपना हेलमेट और ग्लव्स गुस्से में फेंक दिए।