सनथ जयसूर्या (Sanath Jayasuriya) ने श्रीलंका पुरूष टीम के हेड कोच पद को छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने शनिवार (28 फरवरी) को पाकिस्तान के खिलाफ के खिलाफ मिली करीबी हार के बाद अपने फैसले का ऐलान किया। इस मैच के साथ ही श्रीलंका का वर्ल्ड कप का भी सफर खत्म हो गया।
हालांकि उन्होंने आधिकारिक तौर पर श्रीलंका क्रिकेट को इस फैसले के बारे में नहीं बताया था, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि यह वर्ल्ड कप इस रोल में उनका आखिरी असाइनमेंट होगा।
मैच के बाद जयसूर्या ने कहा, “ मुझे लगा कि अब यह जिम्मेदारी किसी और को देनी चाहिए। करीब दो महीने पहले इंग्लैंड सीरीज के दौरान ही मैंने कह दिया था कि मैं लंबे समय तक इस पद पर बने रहने की उम्मीद नहीं रखता। तब तक मैं यह फैसला ले चुका था। मुझे लगा था कि वर्ल्ड कप में टीम को अच्छे अंत पर छोड़ पाऊंगा, लेकिन मैं वैसा नहीं कर सका जैसा चाहता था, और इसका मुझे दुख है।”
उन्होंने कहा, “मेरा कॉन्ट्रैक्ट जून तक है। मैंने अभी तक आधिकारिक तौर पर श्रीलंका को कुछ नहीं बताया है। उन्हें यह भी नहीं पता कि मैं यह कहने जा रहा हूं। मुझे उनसे जाकर चर्चा करनी होगी। अगर वे किसी और को कोच बना सकते हैं तो निश्चित रूप से उन्हें ऐसा करना चाहिए।”
बता कें कि श्रीलंका को 13 मार्च से अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज भी खेलनी है।
जयसूर्या 2024 टी-20 वर्ल्ड कप के बाद श्रीलंका के हेड कोच बने थे। उनके कार्यकाल में श्रीलंका ने 27 साल में पहली बार भारत के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती। इसके बाद इंग्लैंड को उसके घर मे टेस्ट हराया और न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में 2-0 से जीत हासिल की।
जयसूर्या ने आगे कहा, “पिछले डेढ़ साल में मैं टीम को वहां से यहां तक लाने में सफल रहा। वनडे में हमारी रैंकिंग आठवें या नौवें स्थान पर थी और हम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाए थे। लेकिन मैं टीम को नंबर 4 तक ले आया। टेस्ट टीम को मैंने नंबर 6 तक पहुंचाया और टी-20 टीम भी छठे या सातवें स्थान पर है (वर्तमान में वे आठवें स्थान पर हैं)।
“यह मैंने अकेले नहीं किया। मेरे सपोर्ट स्टाफ ने मुझे शानदार सहयोग दिया। पहले दिन से ही मैंने उनसे मेरी मदद करने को कहा था, क्योंकि कोच के रूप में मेरे पास ज्यादा अनुभव नहीं था। लेकिन मैंने अपने खेले हुए क्रिकेट के अनुभव के दम पर इसे संभाल लिया।”
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि पिछला एक साल बतौर कोच जयसूर्या के लिए खास नहीं रहा। लगातार चार हार के साथ टीम टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हुई। 2025 में एशिया कप में प्रदर्शन भी खास नहीं रहा और पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में भी करारी हार मिली।