Sanju Samson and Varun Chakaravarthy Play Pen Fight Game: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी मैनचेस्टर रवाना हुए। इसी दौरान टीम बस के अंदर का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती स्कूल के दिनों का मशहूर पेन फाइट गेम खेलते नजर आए।
यह वीडियो गुरुवार (2 जुलाई) को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। पेन फाइट स्कूल और कॉलेज के दिनों का बेहद लोकप्रिय खेल रहा है। इसमें दो खिलाड़ी अपनी-अपनी पेन को सामने रखकर उंगली से फ्लिक मारते हैं और कोशिश करते हैं कि सामने वाले की पेन नीचे गिर जाए। जो ऐसा करने में सफल रहता है, वही गेम जीतता है।
वीडियो में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। संजू सैमसन इस खेल के दौरान शानदार फ्लिक मारकर दो-तीन बार वरुण चक्रवर्ती की पेन को नीचे गिरा देते हैं। दोनों खिलाड़ियों की यह हल्की-फुल्की मस्ती फैंस को खूब पसंद आ रही है। यह वीडियो इस बात की भी झलक देता है कि बड़े मुकाबलों के बीच भारतीय खिलाड़ी किस तरह हंसी-मजाक और छोटे-छोटे खेलों के जरिए खुद को रिलैक्स रखते हैं।
VIDEO:
अगर क्रिकेट की बात करें तो संजू सैमसन इस समय खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। पिछले महीने आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में वह पहले मुकाबले में सिर्फ 5 रन बना सके थे, जबकि दूसरे मैच में गोल्डन डक का शिकार हुए। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी उनका बल्ला नहीं चला और वह 7 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। ऐसे में दूसरे टी20 में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
वहीं वरुण चक्रवर्ती की इंग्लैंड सीरीज से टीम इंडिया में वापसी हुई है। वह आईपीएल 2026 के दौरान बाएं पैर में लगी चोट की वजह से आयरलैंड सीरीज नहीं खेल पाए थे। अब उनकी नजर इंग्लैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन कर टीम में अपनी जगह और मजबूत करने पर होगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला शनिवार (4 जुलाई) को ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर में खेला जाएगा। पहले मुकाबले का नतीजा बारिश की वजह से नहीं निकल सका था, इसलिए दोनों टीमें इस मैच में जीत के साथ सीरीज में शुरुआती बढ़त बनाने की कोशिश करेंगी।