सरफराज खान की 2 साल बाद IPL में वापसी, CSK से खेलते आएंगे नजर; पृथ्वी शॉ की भी हुई दिल्ली कैपिटल्स में वापसी
आईपीएल 2026 ऑक्शन में सरफराज खान को दो साल बाद IPL टीम मिल गई है और वह चेन्नई सुपर किंग्स से खेलते नजर आएंगे। वहीं पृथ्वी शॉ को भी फाइनल एक्सेलरेटेड राउंड में उनकी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स ने बेस प्राइस पर खरीदा।
मंगलवार, 16 दिसंबर को अबू धाबी में हुई आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान की किस्मत आखिरकार चमक गई। दो साल बाद सरफराज की IPL में वापसी तय हो गई है और आगामी सीजन में वह चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे। CSK ने सरफराज खान को उनके बेस प्राइस 75 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
सरफराज खान इससे पहले IPL 2023 में खेलते दिखाई दिए थे। IPL 2026 उनके करियर का नौवां सीजन होगा। वह ऑक्शन के पहले राउंड में अनसोल्ड रहे थे, लेकिन बाद में दूसरे एक्सेलरेटेड राउंड में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन पर भरोसा जताया। सरफराज ने IPL में 2015 में RCB के लिए डेब्यू किया था और इसके बाद पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का भी हिस्सा रहे हैं।
IPL रिकॉर्ड की बात करें तो सरफराज खान ने अब तक 50 मैचों की 37 पारियों में 585 रन बनाए हैं। मौजूदा घरेलू सीजन में उनका फॉर्म शानदार रहा है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 7 मैचों में 3 अर्धशतक और 1 शतक की मदद से 329 रन बनाए। राजस्थान के खिलाफ 22 गेंदों पर खेली गई 73 रनों की पारी ने सभी का ध्यान खींचा।
वहीं दूसरे भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के लिए ऑक्शन का अंत इस बार राहत भरा रहा। पहले राउंड में अनसोल्ड रहने के बाद फाइनल एक्सेलरेटेड राउंड में उनकी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स ने पृथ्वी शॉ को उनके बेस प्राइस 75 लाख रुपये में खरीद लिया।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए 2018 से 2024 तक खेलने वाले पृथ्वी शॉ पिछले साल अनसोल्ड रहे थे। घरेलू क्रिकेट में उतार-चढ़ाव और फॉर्म की समस्याओं के बावजूद दिल्ली ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पृथ्वी शॉ ने 7 मैचों में 183 रन बनाए। वहीं आईपीएल में पृथ्वी ने 79 मैचों में 23.94 की औसत से 1892 रन बनाए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
कुल मिलाकर, IPL 2026 ऑक्शन में जहां सरफराज खान की दो साल बाद वापसी चर्चा में रही, वहीं फाइनल एक्सेलरेटेड राउंड में पृथ्वी शॉ को दिल्ली कैपिटल्स द्वारा खरीदे जाने से उनकी IPL यात्रा को नई जिंदगी मिल गई है।