नीदरलैंड क्रिकेट टीम (Netherlands Cricket Team) में एक बड़ा बदलाव हुआ है। स्कॉट एडवर्ड्स (Scott Edwards) ने अचानक से टीम की कप्तानी छोड़ दी है और अब ये जिम्मेदारी बेस डी लीडे (Bas de Leede) संभालेंगे। उन्होंने अपनी बल्लेबाज़ी और विकेटकीपिंग पर ज्यादा ध्यान देने के लिए ये फैसला किया है।
Cricket Netherlands ने शनिवार, 01 अगस्त को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से बेस डी लीडे और स्कॉट एडवर्ड्स की एक तस्वीर साझा करके नीदरलैंड टीम की कप्तानी में बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, "ब्रेकिंग: नीदरलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान Scott Edwards ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पिछले चार साल तक टीम की शानदार अगुवाई करने के लिए Scott Edwards का धन्यवाद। अब Bas de Leede नीदरलैंड क्रिकेट टीम के नए कप्तान होंगे।"
स्कॉट एडवर्ड्स का कैप्टेंसी करियर: 29 वर्षीय स्कॉट एडवर्ड्स नीदरलैंड टीम के लिए सर्वाधिक इंटरनेशनल मुकाबलों में कैप्टेंसी करने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने आज से चार साल पहले यानी साल 2022 में ये जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने डच टीम की कुल 59 वनडे (24 जीते और 29 हारे) और 50 टी20 इंटरनेशनल (23 जीते और 24 हारे) में कैप्टेंसी की।
याद दिला दें कि स्कॉट एडवर्ड्स की लीडरशिप में ही नीदरलैंड ने साल 2023 के ODI वर्ल्ड कप में क्वालीफाई किया और इसमें साउथ अफ्रीका को भी हराया। इसके अलावा उन्होंने साल 2022 के टी20 वर्ल्ड कप में भी बड़ा उलटफेर किया और साउथ अफ्रीका जैसी सितारों से सजी टीम को मात दी।
कौन हैं नीदरलैंड के नए कैप्टन बेस डी लीडे: सन 1999 में जन्मे बेस डी लीडे मौजूदा समय में नीदलैंड टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक हैं। वो एक हरफनमौला प्लेयर हैं जो कि अपने देश के लिए 61 वनडे (1420 रन और 45 विकेट) और 49 टी20 इंटरनेशनल (881 रन और 44 विकेट) खेलने का अनुभव रखते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
खास बात ये है कि 26 वर्षीय बेस डी लीडे नीदरलैंड के 9वें वनडे और 5वें टी20 कप्तान होंगे। उनके कंधों पर अपने देश को साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करवाने की जिम्मेदारी है। ऐसे में ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि वो नीदरलैंड को ODI World Cup 2027 के लिए क्वालीफाई करा पाते हैं या नहीं।