PAK vs ENG, ODI Tri-Series 2026: पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर शादाब खान (Shadab Khan) ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में अपनी शानदार बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। रविवार (25 अक्टूबर) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में शादाब ने अपनी ऐतिहासिक पारी से पाकिस्तान को हार के मुंह से निकालकर रोमांचक जीत दिलाई।
इस मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 242 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम एक समय मुश्किल में फंस गई थी। टीम ने 154 रन पर नौ विकेट गंवा दिए थे और उसकी हार लगभग तय मानी जा रही थी। ऐसे में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शादाब खान ने मोर्चा संभाला और इंग्लैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना किया।
शादाब ने संभलकर बल्लेबाजी करने के साथ खराब गेंदों पर तेजी से रन भी बटोरे। उन्होंने 96 गेंदों में नाबाद 113 रन की शानदार पारी खेली और पाकिस्तान को जीत तक पहुंचाया। इस पारी के साथ वह वनडे क्रिकेट में आठवें या उससे निचले नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।
इससे पहले यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से आयरलैंड के सिमी सिंह और बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज के नाम था। दोनों ने वनडे मुकाबलों में इस क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 100-100 रन बनाए थे। अब शादाब ने 113 रन की नाबाद पारी खेलकर इन दोनों खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।
वनडे में आठवें या उससे निचले नंबर पर सबसे बड़ी पारियां
- 113* रन — शादाब खान बनाम इंग्लैंड, लाहौर, 2026
- 100* रन — सिमी सिंह बनाम साउथ अफ्रीका, मलाहाइड, 2021
- 100* रन — मेहदी हसन मिराज बनाम भारत, मीरपुर, 2022
हारिस रऊफ के साथ मिलकर 51 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
शादाब खान को इस दौरान दूसरे छोर पर आखिरी बल्लेबाज हारिस रऊफ का साथ मिला। दोनों ने दसवें विकेट के लिए 80 गेंदों में 89 रनों की नाबाद साझेदारी की और पाकिस्तान को हार के मुहाने से निकालकर जीत दिला दी। हारिस रऊफ ने 19 गेंदों में नाबाद 7 रन बनाए, जबकि शादाब ने अपनी शतकीय पारी के दम पर टीम को 17 गेंदें शेष रहते लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
इस साझेदारी के साथ शादाब और हारिस ने वनडे क्रिकेट में सफल रन चेज के दौरान दसवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के डेरीक मरे और एंडी रॉबर्ट्स के नाम था। दोनों ने 1975 के क्रिकेट विश्व कप में बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ दसवें विकेट के लिए नाबाद 64 रन जोड़े थे। करीब 51 साल बाद शादाब और हारिस ने इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 89 रनों की अटूट साझेदारी की।
Also Read: LIVE Cricket Score
सफल वनडे रन चेज में दसवें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारियां
- 89* रन — शादाब खान और हारिस रऊफ बनाम इंग्लैंड, लाहौर, 2026
- 64* रन — डेरीक मरे और एंडी रॉबर्ट्स बनाम पाकिस्तान, बर्मिंघम, 1975
- 57* रन — जेम्स फॉकनर और क्लिंट मैके बनाम इंग्लैंड, ब्रिस्बेन, 2014