Shahidullah One-Handed Catch: अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मंगलवार (27 अक्टूबर) को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में 37 रन से शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में अफगानिस्तान के बल्लेबाज शाहिदुल्लाह ने अपनी फील्डिंग से भी कमाल दिखाया। उन्होंने जिम्बाब्वे के बल्लेबाज रेयान बर्ल को आउट करने के लिए ऐसा शानदार एक हाथ का कैच पकड़ा कि गेंदबाज फजलहक फारूकी भी हैरान रह गए।

यह शानदार कैच जिम्बाब्वे की पारी के 17वें ओवर की पहली गेंद पर देखने को मिला। फजलहक फारूकी ने ऑफ स्टंप के बाहर शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद डाली, जिस पर रेयान बर्ल ने आक्रामक शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद तेजी से एक्स्ट्रा कवर की बाईं तरफ निकलने लगी। ऐसा लग रहा था कि गेंद फील्डर को पार कर जाएगी, लेकिन वहां मौजूद शाहिदुल्लाह ने गजब की फुर्ती दिखाई।

शाहिदुल्लाह ने गेंद की दिशा को भांपते हुए अपना बायां हाथ आगे बढ़ाया और हवा में ही एक हाथ से कैच लपक लिया। कैच पूरा करने के बाद शाहिदुल्लाह ने जोश में गेंद को हवा में फेंककर जश्न मनाया। वहीं, फजलहक फारूकी अपने साथी की इस शानदार फील्डिंग को देखकर हैरान रह गए और उन्होंने अपना हाथ मुंह पर रख लिया। 

VIDEO:

रेयान बर्ल ने आउट होने से पहले 24 गेंदों में 32 रन बनाए। वह जिम्बाब्वे की ओर से संघर्ष करने वाले बल्लेबाजों में शामिल रहे, लेकिन शाहिदुल्लाह के इस बेहतरीन कैच ने उनकी पारी खत्म कर दी। अफगानिस्तान के लिए यह विकेट अहम साबित हुआ, क्योंकि जिम्बाब्वे लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार दबाव में थी।

मैच की बात करें तो अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 177 रन बनाए। टीम की ओर से एजाज अहमदजई ने सिर्फ 22 गेंदों में 52 रन की तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। शाहिदुल्लाह कमाल ने 42 गेंदों में 46 रन बनाए, जबकि राशिद खान ने महज 10 गेंदों में 30 रन ठोककर स्कोर को मजबूती दी।

Also Read: LIVE Cricket Score

इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.1 ओवर में 140 रन पर ऑलआउट हो गई। रेयान बर्ल के 32 रन के अलावा कोई भी बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका। इस तरह अफगानिस्तान ने मुकाबला 37 रन से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार