IND vs WI 3RD ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला शनिवार (3 अक्टूबर) को न्यू चंडीगढ़ के पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (Shai Hope) ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया।
वेस्टइंडीज के सामने 352 रन का लक्ष्य था और होप ने अपनी टीम की पारी को संभालते हुए 104 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह भारत के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में उनका लगातार दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने दूसरे वनडे में भी सेंचुरी लगाई थी।
तीसरे वनडे में शतक लगाते ही होप ने क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब वह भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले वेस्टइंडीज के बल्लेबाज बन गए हैं। क्रिस गेल ने भारत के खिलाफ 1999 से 2019 के बीच 41 वनडे मैच खेले थे, जिसमें उनके नाम 4 शतक थे। वहीं शाई होप ने महज 29 मैचों में 5 शतक लगाकर गेल को पीछे छोड़ दिया है।
भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले वेस्टइंडीज बल्लेबाज
- शाई होप – 29 मैच, 5 शतक
- क्रिस गेल – 41 मैच, 4 शतक
- गॉर्डन ग्रीनिज – 24 मैच, 3 शतक
- विव रिचर्ड्स – 31 मैच, 3 शतक
- मार्लन सैमुअल्स – 44 मैच, 3 शतक
- शिवनारायण चंद्रपॉल – 46 मैच, 2 शतक
- डेसमंड हेन्स – 36 मैच, 2 शतक
- शिमरोन हेटमायर – 15 मैच, 2 शतक
शाई होप का पांचवां शतक उन्हें भारत के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर ले आया है। भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज सनथ जयसूर्या के नाम है। दोनों ने 7-7 शतक लगाए हैं। वहीं एबी डिविलियर्स, रिकी पोंटिंग और कुमार संगकारा ने भारत के खिलाफ अपने वनडे करियर में 6-6 शतक लगाए।
भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक
- क्विंटन डी कॉक – 23 मैच, 7 शतक
- सनथ जयसूर्या – 89 मैच, 7 शतक
- एबी डिविलियर्स – 32 मैच, 6 शतक
- रिकी पोंटिंग – 59 मैच, 6 शतक
- कुमार संगकारा – 76 मैच, 6 शतक
- नाथन एस्टल – 29 मैच, 5 शतक
- शाई होप – 29 मैच, 5 शतक
- सलमान बट – 21 मैच, 5 शतक
- स्टीव स्मिथ – 30 मैच, 5 शतक
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में लगाया गया यह शतक भारत की जमीन पर शाई होप का चौथा वनडे शतक भी है। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स हैं। डिविलियर्स ने भारत में उसके खिलाफ 11 वनडे मैचों में 5 शतक लगाए थे। वहीं शाई होप ने भारत में भारतीय सरजमीं पर अब तक 14 वनडे मैचों में 4 शतक अपने नाम कर लिए हैं।