भारत और आयरलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टी20 मुकाबले में शिवम दुबे ने एक आसान सा कैच टपका दिया। इतना ही नहीं, इस दौरान उनका चश्मा भी टूट गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भारत और आयरलैंड के बीच शुक्रवार (26 जून) को बेलफास्ट में खेले जा रहे पहले टी20 मुकाबले में भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे फील्डिंग के दौरान एक आसान कैच छोड़ने के कारण एक बार फिर सुर्खियों में आ गए। दुबे का यह मिसफील्ड भारत को महंगा तो नहीं पड़ा, लेकिन मैदान पर घटी यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।
यह घटना आयरलैंड की पारी के तीसरे ओवर में देखने को मिली। भारत के लिए अर्शदीप सिंह गेंदबाजी कर रहे थे और उनके सामने आयरलैंड के बल्लेबाज टिम टेक्टर मौजूद थे। ओवर की एक गेंद पर टेक्टर ने लेग साइड की तरफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह गेंद को सही तरीके से टाइम नहीं कर पाए।
गेंद काफी ऊंची हवा में गई और ऐसा लग रहा था कि शिवम दुबे आसानी से यह कैच लपक लेंगे। दुबे ने तेजी से पीछे की ओर दौड़ लगाई और गेंद के नीचे खुद को अच्छी तरह से सेट भी कर लिया। हालांकि, जैसे ही गेंद उनके हाथों में पहुंची, वह उसे सुरक्षित नहीं पकड़ सके।
गेंद दुबे की हथेलियों से फिसल गई और सीधे बाउंड्री लाइन के पार चली गई, जिससे आयरलैंड को चार रन मिल गए। इस दौरान दुबे का चश्मा भी टूट गया, वहीं अर्शदीप सिंह भी यह मौका गंवाने से निराश नजर आए।
VIDEO:
हालांकि, भारत के लिए राहत की बात यह रही कि टिम टेक्टर इस जीवनदान का ज्यादा फायदा नहीं उठा सके। आयरिश बल्लेबाज 12 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हो गए और भारत ने मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि शिवम दुबे की फील्डिंग पहले भी कई बार आलोचनाओं का शिकार रही है। इस कैच के छूटने के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर फैंस ने उनकी फील्डिंग को लेकर कई प्रतिक्रियाएं दीं।
टीमें इस मैच के लिए
आयरलैंड (प्लेइंग इलेवन): टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर/कप्तान), बेंजामिन कैलिट्ज़, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियाम मैक्कार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज़, जय मूंदड़ा, मैथ्यू होलार्ड।
भारत (प्लेइंग इलेवन): अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।