महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले के दौरान भारतीय टीम की स्टार स्पिनर श्रेयंका पाटिल चोटिल हो गईं। फील्डिंग करते समय उनका पैर बुरी तरह मुड़ गया, जिसके बाद उन्हें काफी दर्द में देखा गया। हालात ऐसे थे कि उन्हें स्ट्रेचर की मदद से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा।
भारत ने नीदरलैंड के खिलाफ बुधवार (17 जून) को लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें लीग स्टेज मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की, लेकिन इस मुकाबले के दौरान टीम को एक बड़ा झटका भी लगा। स्टार स्पिनर श्रेयंका पाटिल चोटिल होकर मैदान से बाहर चली गईं, जिससे भारतीय खेमे की चिंता बढ़ गई है।
यह घटना नीदरलैंड की पारी के दौरान छठे ओवर में हुई। श्रेयंका पाटिल खुद यह ओवर फेंक रही थीं। ओवर की पहली गेंद पर बल्लेबाज ने मिड-ऑन की दिशा में शॉट खेला, जिसे रोकने के लिए श्रेयंका तेजी से गेंद की ओर बढ़ीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह अपने दाहिने टखने पर गलत तरीके से गिर गईं। गिरते ही वह दर्द से कराह उठीं और तुरंत उनके आसपास साथी खिलाड़ी पहुंच गए।
चोट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता था कि श्रेयंका अपने पैरों पर खड़ी भी नहीं हो सकीं। मेडिकल स्टाफ को मैदान पर बुलाया गया और आखिरकार उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। इस दौरान वह काफी निराश नजर आईं और अपना चेहरा भी ढक लिया। श्रेयंका के बाहर जाने के बाद उस ओवर की बची हुई गेंदें शेफाली वर्मा ने पूरी कीं।
VIDEO:
Shreyanka Patil gets injured
Rehan 56 (imrehan456) June 17, 2026
Twisted her foot while fielding. pic.twitter.com/Wtsnb55OnY
यह चोट श्रेयंका के लिए और भी ज्यादा निराशाजनक है क्योंकि वह हाल ही में लंबी चोट से उबरकर क्रिकेट में वापसी कर पाई थीं। जुलाई 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान उंगली में फ्रैक्चर होने के बाद उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रहना पड़ा था। इस साल महिला प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए वापसी करते हुए उन्होंने 9 मैचों में 11 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 209 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन और शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों में 55 रन की तेजतर्रार पारी खेली। जवाब में नीदरलैंड की टीम 114 रन पर सिमट गई। भारत के लिए श्री चरणी ने 19 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि शेफाली वर्मा ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 20 रन देकर 3 विकेट झटके। नतीजन भारत ने यह मुकाबला 95 रन से जीतकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।