Sikandar Raza on IND vs ZIM T20 Series: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला (ZIM vs IND 1st T20) गुरुवार, 23 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस सीरीज के शुरू होने से पहले जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रज़ा (Sikandar Raza) ने टीम इंडिया को चेतावनी देते हुए एक बड़ा बयान दे दिया है।
दरअसल, सिकंदर रज़ा ने साफ शब्दों में ये कह दिया है कि भारतीय टीम मेजबान जिम्बाब्वे को हल्के में नहीं ले सकती है और वो टी20 सीरीज जीतने के बराबर के दावेदार हैं। उन्होंने कहा, "इस सीरीज में दोनों देशों के पास समान मौके होंगे। हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। हमारी टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इसलिए मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह सीरीज बेहद रोमांचक होगी।"
वो आगे बोले, "जहां तक जीत हार का सवाल है तो दोनों टीमों के पास यह सीरीज जीतने के बराबर मौके होंगे। भारत अभी बदलाव के दौर से गुजर रहा है और जिम्बाब्वे भी बदलाव के दौर में है। इससे यह सीरीज और अधिक रोमांचक हो गई है। मुझे नहीं लगता कि यह सीरीज एकतरफ होगी।"
गौरतलब है कि भारतीय टीम में जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए कई नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में तीन अनकैप्ड खिलाड़ी अशोक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह और यश ठाकुर को जगह मिली है। इनके अलावा भारत की स्क्वाड में वैभव सूर्यवंशी, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे (टी20 में डेब्यू नहीं किया) और मयंक यादव जैसे युवा खिलाड़ी भी मौजूद हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह।