SL vs ENG, Pakistan ODI Tri-Series 2026: श्रीलंका क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान में खेली जा रही वनडे ट्राई सीरीज 2026 के तीसरे मुकाबले में इतिहास रच दिया। गुरुवार (22 अक्टूबर) को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका ने इंग्लैंड के 430 रन के लक्ष्य को हासिल कर 2 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने दोहरा शतक जड़कर अपनी टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया था, लेकिन श्रीलंका के बल्लेबाजों ने उनकी इस ऐतिहासिक पारी पर पानी फेर दिया।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 429 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली और महज 116 गेंदों में 202 रन की तूफानी पारी खेली। ब्रूक के अलावा इंग्लैंड की पारी में जो रूट ने 66 गेंदों 69 रन बनाए। विल जैक्स 66 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि टॉम बैंटन ने 50 रन का योगदान दिया।
श्रीलंका की ओर से दुनिथ वेलालागे ने दो विकेट हासिल किए। असिथा फर्नांडो और जनिथ लियानागे को एक-एक सफलता मिली।
430 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 24 रन पर दो विकेट खो दिए, लेकिन इसके बाद अविष्का फर्नांडो और पवन रत्नायके ने पारी को संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 166 रन की अहम साझेदारी हुई, जिसने श्रीलंका को मुकाबले में मजबूती से वापस ला दिया।
अविष्का ने 83 गेंदों में 97 रन बनाए और पवन रत्नायके ने 106 गेंदों में 130 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए दासुन शनाका ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं। उन्होंने सिर्फ 50 गेंदों में 97 रन ठोक दिए। इस दौरान शनाका और पवन रत्नायके के बीच भी चौथे विकेट के लिए 133 रन की शतकीय साझेदारी हुई।
आखिरी ओवरों में जनिथ लियानागे ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने महज 27 गेंदों में नाबाद 61 रन की विस्फोटक पारी खेली और श्रीलंका को ऐतिहासिक जीत तक पहुंचा दिया। उनकी इस पारी ने मुकाबले का रोमांच चरम पर पहुंचा दिया और श्रीलंकाई टीम ने एक गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ श्रीलंका ने वनडे क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया। इससे पहले टीम ने 2006 में इंग्लैंड के ही खिलाफ 324 रन का लक्ष्य हासिल किया था। वहीं यह वनडे क्रिकेट के इतिहास का भी दूसरा सबसे बड़ा सफल रह चेज रहा।
इंग्लैंड की ओर से जोश टंग ने तीन विकेट लिए। सैम करन ने दो विकेट हासिल किए, जबकि जेमी ओवरटन और लियाम डॉसन को एक-एक सफलता मिली। हालांकि, श्रीलंकाई बल्लेबाजों के सामने ये प्रयास नाकाफी साबित हुए।