सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट (स्मैट) 2026 में सोमवार को विदर्भ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओडिशा को 8 विकेट से हराया। वहीं, राजस्थान ने डिफेंडिंग चैंपियन झारखंड के खिलाफ 55 रनों से जीत दर्ज की। बिहार और हिमाचल प्रदेश का प्रदर्शन भी दमदार रहा।

ओडिशा बनाम विदर्भ: ग्रुप डी के मुकाबले में ओडिशा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 161 रन बनाए। टीम की ओर से गौरव चौधरी ने 28 गेंदों में 53 रनों की तेज-तर्रार पारी खेली। हालांकि, विदर्भ ने 162 रनों के लक्ष्य को आसानी से 17.4 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। विदर्भ की तरफ से कप्तान अथर्व तायडे ने महज 48 गेंदों का सामना करते हुए 74 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि दानिश मालेवार ने 42 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 67 रन बनाए।

हिमाचल प्रदेश बनाम आंध्र: ग्रुप सी के मुकाबले में हिमाचल प्रदेश ने आंध्र को 8 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल प्रदेश ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 158 रन बनाए। टीम की ओर से आयुष जमवाल ने सर्वाधिक 36 रन बनाए, जबकि नेहल वढेरा ने 35 रनों का योगदान दिया। आंध्र की ओर से गेंदबाजी में चेयपुरापल्ली स्टीफन ने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट निकाले। जवाब में आंध्र की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी। अश्विन हेब्बर ने 27 गेंदों में 34 रनों की पारी खेली, तो एसडीएनवी प्रसाद ने 28 रनों का योगदान दिया। हिमाचल की ओर से गेंदबाजी में आयुष ने 3 ओवर के स्पेल में 23 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

राजस्थान बनाम झारखंड: राजस्थान ने ग्रुप एक के मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन झारखंड को 55 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की पूरी टीम 19.3 ओवर में 166 रन बनाकर ऑलआउट हुई। राजस्थान की तरफ से रोहन राजभर ने 23 गेंदों में 35 रन बनाए, जबकि कार्तिक शर्मा ने 32 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया। हालांकि, इसके जवाब में झारखंड की पूरी टीम सिर्फ 111 रन बनाकर सिमट गई। झारखंड की ओर से सुशांत मिश्रा ने सर्वाधिक नाबाद 40 रन बनाए, लेकिन उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। राजस्थान की तरफ से मानव सुथार ने 25 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट झटके।

बिहार बनाम रेलवे: ग्रुप बी के मुकाबले में रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 137 रन बनाए। टीम की ओर से जयंत लखन ने 44 गेंदों में 47 रनों की पारी खेली। हालांकि, बिहार ने 138 रनों के लक्ष्य को 18.2 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। आयुष लोहारुका ने 29 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और पांच छक्कों की मदद से 58 रनों की दमदार पारी खेली।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार