आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर अपने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। वहीं बांग्लादेश के खिलाफ इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनेक्स ने ऐसा कैच पकड़ा जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। 

Advertisement

लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार (17 जून) को खेले गए ग्रुप ए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। बांग्लादेश की पारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया की कप्तान और स्टार ऑलराउंडर सोफी मोलिनेक्स के शानदार कैच लपककर सोभाना मोस्टारी की पारी का अंत कर दिया।

यह शानदार नजारा बांग्लादेश की पारी के आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर देखने को मिला। गेंदबाजी कर रही एलिस पेरी ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद फेंकी और सोभाना मोस्टारी ने इस गेंद पर ड्राइव खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर सही तरीके से नहीं आई और कवर की दिशा की ओर हवा में चली गई।

कवर पर तैनात सोफी मोलिनेक्स ने बेहतरीन फुर्ती दिखाई। उन्होंने अपनी बाईं ओर तेज डाइव लगाई और जमीन पर गिरते हुए दोनों हाथों से शानदार कैच पूरा कर लिया। यह कैच इतना मुश्किल था कि कुछ पल के लिए मैदान पर मौजूद खिलाड़ी भी हैरान रह गए। इस जबरदस्त कैच के साथ ही सोभाना मोस्टारी की पारी सिर्फ 4 रन पर ही खत्म हो गई और टीम को 26 रन पर चौथा झटका लग गया।

VIDEO:

अगर मैच की बात करें तो बांग्लादेश की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। टॉप ऑडर बल्लेबाज दिलारा अख्तर बिना खाता खोले आउट हो गईं, जबकि जुआइरिया फिरदौस 8 और शारमिन अख्तर 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। शुरुआती पांच ओवर में ही टीम ने तीन विकेट गंवा दिए थे।

कप्तान निगार सुल्ताना ने एक छोर संभालते हुए 47 गेंदों में 27 रन बनाए, जबकि रितु मोनी ने कुछ देर खड़े रहकर 16 गेंदों में 26 रन जोड़े। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज नहीं चल सकी और बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर सिर्फ 77 रन ही बना पाई।

Also Read: LIVE Cricket Score

78 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली। सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल ने 32 गेंदों में 45 रन की शानदार पारी खेली। बेथ मूनी 10 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि एलिस पेरी 19 रन बनाकर नाबाद लौटीं। नतीजन ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 9.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार