India vs South Africa, T20 World Cup 2026, Warm-Up Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खेले गए वॉर्मअप मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराकर शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 240 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ईशान किशन की विस्फोटक फिफ्टी इस पारी की सबसे बड़ी झलक रही। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम लगातार अंतराल में विकेट गवाने के चलते लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 10वां वॉर्मअप मुकाबला बुधवार, 4 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेला गया। इस मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
भारत की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने पहले विकेट के लिए महज 34 गेंदों में 80 रन जोड़ दिए। ईशान किशन ने सिर्फ 20 गेंदों में 53 रन ठोकते हुए गेंदबाजों की जमकर खबर ली, जिसमें 2 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं अभिषेक शर्मा ने 18 गेंदों में 24 रन बनाकर तेजी से रन बटोरे। दोनों बल्लेबाज रिटायर्ड आउट हुए, लेकिन तब तक भारत मजबूत स्थिति में पहुंच चुका था।
इसके बाद तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 45 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 16 गेंदों में 30 रन जोड़कर रनगति को बरकरार रखा। मध्य और अंतिम ओवरों में अक्षर पटेल ने बेहतरीन संयम और आक्रमण का संतुलन दिखाते हुए 23 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए।
अंत के ओवरों में हार्दिक पांड्या ने सिर्फ 10 गेंदों में 30 रन ठोक दिए, जिससे भारत ने 240 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
साउथ अफ्रीका की ओर से इस पारी में एनरिक नॉर्खिया, मार्को यान्सन, कॉर्बिन बॉश और क्वेना मफाका को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआती झटका जल्दी ही लग गया और जॉर्ज लिंडे बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान एडन मार्करम और रयान रिकल्टन ने दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 65 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। मार्करम ने 19 गेंदों में 38 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए, जबकि रिकल्टन ने 21 गेंदों में 44 रन जोड़े।
इसके अलावा ट्रिस्टान स्टब्स ने नाबाद 21 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए, जबकि जेसन स्मिथ ने (35) और मार्को यान्सन ने (31) ने भी कुछ रन जोड़े। हालांकि अन्य बल्लेबाजों से कोई खास समर्थन नहीं मिला और टीम 210 रन तक ही पहुंच सकी।
भारत की ओर से गेंदबाजी में अभिषेक शर्मा ने 2 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे और अक्षर पटेल को भी 1-1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
कुल मिलाकर भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 30 रन से अपने नाम किया और टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी बेहतरीन लय बरकरार रखी।