श्रीलंका ए ने ट्राई नेशन सीरीज के चौथे मुकाबले में इंडिया ए को सुपर ओवर में हराकर पिछले मैच में मिली हार का बदला ले लिया। इस जीत के साथ ही श्रीलंकाई टीम ने फाइनल की तरफ अपने कदम बढ़ा दिए हैं। सोमवार, 15 जून को सीरीज के चौथे मुकाबले में इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए के सामने 266 रनों का लक्ष्य रखा था जिसके जवाब में लंकाई टीम भी 50 ओवर में 265 रन ही बना पाई और मैच सुपर ओवर में चला गया। सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बैटिंग करते हुए 17 रन बनाए लेकिन वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे की जोड़ी सिर्फ 7 रन ही बना पाई और मैच हार गई।
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए सुर्यांश शेडगे ने सर्वाधिक रन बनाए औऱ नंबर-7 पर बैटिंग करके 66 गेंदों पर 72 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा दांबुला के मैदान पर विपराज निगम ने भी पचासा ठोका और 49 गेंदों पर 51 रन बनाए। बाकी अन्य बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए और यही कारण रहा कि भारतीय टीम एक बड़ा स्कोर बनाने में असफल रही।
बात करें अगर श्रीलंकाई गेंदबाज़ों की तो विजयकांत वियासकांत ने मेजबान टीम के लिए सबसे ज्यादा प्रदर्शन किया और 10 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा मोहम्मद शिराज ने भी 3 विकेट झटके, वहीं सहान अराच्चिगे, कुगाथस माथुलन और वानुजा सहान ने एक-एक विकेट झटका। जवाब में श्रीलंकाई टीम को उनके ओपनर्स निरोशन डिकवेल्ला और अविष्का फर्नांडो ने तूफानी शुरुआत दिलाते हुए 5 ओवर में ही अर्द्धशतक तक पहुंचा दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
डिकवेल्ला ने आउट होने से पहले 37 रन बनाए जबकि फर्नांडो ने भी 22 रन का योगदान दिया। इस साझेदारी के टूटने के बाद भारतीय टीम ने मैच में वापसी की और लगातार विकेट चटकाकर मैच को आखिरी तक ले गए। हालांकि, सदीरा समरविक्रमा एक छोर पर खड़े रहे और 93 रन पर आउट होने से पहले वो लगभग अपनी टीम को जीत तक पहुंचा चुके थे लेकिन अरशद खान ने किसी तरह अच्छा ओवर डालकर मैच को सुपर ओवर तक पहुंचा दिया जहां लंकाई टीम ने 10 रन से मैच जीत लिया।