India vs Sri Lanka 2nd Test Records: श्रीलंकाई ऑलराउंडर सोनल दिनुशा (Sonal Dinusha) ने कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में भारत के खिलाफ दूसरे और आखिरी टेस्ट की पहली पारी में शानदार पारी से इतिहास रच दिया। सीरीज में दूसरा शतक जड़ते हुए सोनल ने 162 गेंदों में 103 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के जड़े। इस पारी से उन्होंने कई खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
44 साल बाद हुआ ऐसा
सोनल का मौजूदा सीरीज में यह भारत के खिलाफ लगातार तीसरा पचास प्लस स्कोर है। 44 साल बाद ऐसा हुआ है जब श्रीलंका के एक खिलाड़ी ने भारत के खिलाफ पहली तीन पारियों में पचास प्लस स्कोर बनाया है। इससे पहले साल 1982 में दलीप मेंडिस ने यह कारनामा किया था।
दिग्गजों की लिस्ट में शामिल
श्रीलंका के लिए भारत के खिलाफ लगातार टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में सोनल संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उनके अलावा सनथ जयसूर्या, महेला जयवर्धने, थरंगा परनविताना और एंजेलो मैथ्यूज ने भारत के खिलाफ लगातार दो टेस्ट में शतक लगाए थे।
श्रीलंकाई बल्लेबाज जिन्होंने भारत के खिलाफ लगातार टेस्ट मैचों में शतक जड़े
3 - अरविंदा डी सिल्वा (1997) (तीन मैचों में चार शतक)
3 - कुमार संगकारा (2009-2010)
2 - सनथ जयसूर्या (1997)
2 - महेला जयवर्धने (2001)
2 - थरंगा परनविताना (2010)
2 - एंजेलो मैथ्यूज (2015)
2 - सोनल दिनुशा (2026)
ऐसा करने वाले दुनिया के आठवें खिलाड़ी
सोनल श्रीलंका के दूसरे और दुनिया के आठवें खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्हें भारत के खिलाफ पहले दो टेस्ट में दो शतक जड़े हैं।
भारत के खिलाफ शुरुआती दो टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा शतक
2 - एवर्टन वीक्स (WI, 1948)
2 - गारफ़ील्ड सोबर्स (WI, 1958)
2 - ज़हीर अब्बास (PAK, 1978)
2 - दिलीप मेंडिस (SL, 1982)
2 - रॉबिन स्मिथ (ENG, 1990)
2 - गैरी कर्स्टन (SA, 1996)
2 - जेसी राइडर (NZ, 2009)
सोनल पहली पारी में श्रीलंका के लिए टॉप स्कोरर रहे और उनकी इस पारी की बदौलत श्रीलंका 290 रन के स्कोर तक पहुंची। हालांकि वह अपनी टीम को फॉलोऑन से बचाने में नाकाम रहे हैं। सोनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं और अभी तक तीन पारियों में 95.67 की औसत से 287 रन बनाए हैं।