टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया की बीच खेले जा रहे मुकाबले के दौरान श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है और इसका असर सीधे आईपीएल 2026 की तैयारियों पर भी पड़ सकता है। कोलकाता नाइट राइडर्स के महंगे खिलाड़ी मैच के बीच गंभीर चोट का शिकार हो गए। शुरुआती संकेतों से मामला हैमस्ट्रिंग से जुड़ा बताया जा रहा है, जिससे टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ गई है।

Advertisement

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 30वां मुकाबला सोमवार (16 फरवरी) को श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की पारी के दौरान श्रीलंका के तेज गेंदबाज़ मथीशा पथिराना को गंभीर चोट लग गई। यह घटना पारी के तीसरे ओवर के दौरान हुई, जब ओवर की चौथी गेंद फेंकने के बाद वह अचानक हैमस्ट्रिंग पकड़कर मैदान पर गिर पड़े।

उन्होंने 143 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शानदार गेंद मिचेल मार्श को डाली थी, लेकिन इसके तुरंत बाद दर्द से कराहते नजर आए। हालात ऐसे थे कि वह आगे गेंदबाज़ी नहीं कर सके और उन्हें सहारे के साथ मैदान से बाहर ले जाया गया। उनका ओवर बाद में कप्तान दासुन शनाका ने पूरा किया।

इस चोट ने श्रीलंका के साथ-साथ कोलकाता नाइट राइडर्स की टेंशन भी बढ़ा दी है। कोलकाता ने उन्हें आईपीएल 2026 के ऑक्शन में 18 करोड़ रुपये में खरीदा था, जहां उन्होंने चेन्नई को पछाड़कर यह बड़ी बोली लगाई थी।

गौरतबल है कि कोलकाता ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को भी मोटी रकम में टीम में शामिल किया था, लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक फैसले के चलते वह भी टीम से रिलीज हो चुके हैं।

मुसीबत यहीं खत्म नहीं हुई है। केकेआर के युवा तेज गेंदबाज़ हर्षित राणआ भी घुटने की सर्जरी के बाद लंबे समय तक बाहर रह सकते हैं, जिससे टीम का तेज आक्रमण काफी कमजोर पड़ सकता है।

Also Read: LIVE Cricket Score

उधर श्रीलंका की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि टीम पहले से ही वानिन्दु हसरंगा के बिना टूर्नामेंट खेल रही है, जो चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। अब पथिराना की चोट ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इस पूरे मामले पर श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार