ICC Women's T20 World Cup 2026, New Zealand Women vs Sri Lanka Women: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। निलाक्षिका सिल्वा ने शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को आखिरी ओवर में जीत दिलाई, जबकि न्यूजीलैंड को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
साउथेम्प्टन के द रोज़ बाउल स्टेडियम में मंगलवार (16 जून) को खेले गए टूर्नामेंट के सातवें लीग स्टेज मुकाबले में न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले ही ओवर में इज़ी गेज़ 4 रन बनाकर आउट हो गईं। शुरुआती झटके के बाद जॉर्जिया प्लिमर और कप्तान अमेलिया केर ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। प्लिमर ने 18 गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि अमेलिया ने एक छोर संभाले रखा।
इसके बाद अमेलिया केर और सोफी डिवाइन ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 26 गेंदों में 43 रन जोड़कर पारी को आगे बढ़ाया। अमेलिया केर ने 36 गेंदों में 45 रन की पारी खेली, वहीं सोफी डिवाइन ने भी 30 गेंदों में 45 रन बनाकर अहम योगदान दिया।
ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड 160 से ऊपर का स्कोर बना लेगा, लेकिन श्रीलंका की गेंदबाजों ने डेथ ओवरों में शानदार वापसी की। निचले क्रम की बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सकीं और न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 150 रन ही बना सकी।
151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को विश्मी गुणारत्ने और कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने पहले विकेट के लिए 35 गेंदों में 45 रन जोड़े। विश्मी ने 17 गेंदों में 19 रन बनाए, जबकि अट्टापट्टू ने 19 गेंदों में 27 रन की उपयोगी पारी खेली।
हालांकि इसके बाद श्रीलंका ने हर्षिता समरविक्रमा (5) और हसीनी परेरा (2) के विकेट रनआउट के रुप में जल्दी गंवा दिए, जिससे मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। ऐसे समय में निलाक्षिका सिल्वा ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।
निलाक्षिका सिल्वा अंत तक नाबाद रहीं और 37 गेंदों में 54 रन की मैच विनिंग पारी खेली। उनकी इस पारी में 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। दूसरे छोर पर कौशानी नुथ्यांगना ने भी अहम योगदान देते हुए सिर्फ 14 गेंदों में 24 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 28 गेंदों में 48 रन की शानदार साझेदारी की और श्रीलंका ने आखिरी ओवर में दो गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजी में नैंसी पटेल ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि ब्री इलिंग को 1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ श्रीलंका ने टूर्नामेंट में अपना खाता खोल लिया और दूसरे मैच में पहली जीत दर्ज की। वहीं न्यूजीलैंड को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी और टीम अभी तक अंकतालिका में अपना खाता नहीं खोल सकी है।