बुलावायो, 23 नवंबर (CRICKETNMORE)| श्रीलंका ने क्वींस स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में बुधवार को हुए ट्राई वन डे सीरीज के पांचवें मैच में वेस्टइंडीज को बेहद रोमांचक अंदाज में एक रन से हरा दिया। श्रीलंका से मिले 331 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए कैरेबियाई टीम एकबार फिर दुर्भाग्यशाली रही और दमदार संघर्ष करने के बावजूद निर्धारित ओवरों में नौ विकेट खोकर 329 रन ही बना सकी।

Advertisement

कैरेबियाई टीम सधे अंदाज में लक्ष्य का पीछा करते हुए 46 ओवरों में छह विकेट खोकर 299 रन बना चुकी थी। क्रीज पर कप्तान जेसन होल्डर (नाबाद 45) और कार्लोस ब्राथवेट (19) 37 रनों की साझेदारी कर टिके हुए थे और वेस्टइंडीज को अगली 24 गेंदों में जीत के लिए 32 रनों की दरकार थी।

लेकिन कैरेबियाई टीम ने अगले तीन ओवरों में दो विकेट गंवाए और 22 रन जोड़े। अब कैरेबियाई टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए थे। सुलेमान बेन (11) ने तीसरी गेंद पर छक्का भी जड़ दिया, लेकिन पांचवीं गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। आखिरी गेंद पर होल्डर सिर्फ एक रन ले सके और लक्ष्य से एक रन दूर रह गए।

इससे पहले एविन लुइस (148) ने तूफानी पारी खेलते हुए कैरेबियाई टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। लुइस ने जॉनसन चार्ल्स (26) के साथ पहले विकेट के लिए 63, क्रेग ब्राथवेट (16) के साथ दूसरे विकेट के लिए 70 और साई होप (25) के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी निभाई।

Advertisement

इसके बाद होल्डर के अलावा वेस्टइंडीज का अन्य कोई बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सका और नियमित अंतराल पर उनके विकेट गिरते रहे।

श्रीलंका के लिए नुवान कुलासेकरा और नुवान प्रदीप ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि सचित पाथिराना को दो विकेट मिले। वेस्टइंडीज के दो बल्लेबाज रन आउट पवेलियन लौटे।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने निरोशान डिकवेला (94) और कुशल मेंडिस (94) की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 330 रन बनाए।

श्रीलंकाई टीम ने कुशल परेरा (7) के रूप में 18 के स्कोर पर ही पहला विकेट गंवा दिया था। लेकिन इसके बाद धनंजय डी सिल्वा (58) और डिकवेला ने दूसरे विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाल लिया। धनंजय 60 गेंदों में सात चौके लगाने के बाद 123 के कुल योग पर क्रेग ब्राथवेट का शिकार हुए। ब्राथवेट ने अपनी ही गेंद पर धनंजय का कैच लपका।

डिकवेला को हालांकि इसके बाद कुशल मेंडिस का भी अच्छा साथ मिला। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 107 रनों की साझेदारी हुई। यह साझेदारी 6.17 के बेहतर औसत से हुई और श्रीलंकाई टीम इन दो साझेदारियों की बदौलत मजबूत स्कोर की ओर बढ़ गई।

श्रीलंका ने आखिरी के 10 ओवरों में 90 रन जोड़े। डिकवेला ने 106 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके और एक छक्का लगाया, वहीं कुशल मेंडिस ने मात्र 73 गेंदों में तेज हाथ दिखाते हुए सात चौके और पांच छक्के जड़ डाले।

वेस्टइंडीज के लिए कप्तान जेसन होल्डर ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए।

Advertisement

इस जीत के साथ श्रीलंका ने ट्राई सीरीज के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार