Tri Series, Sri Lanka A vs India A: श्रीलंका में खेली जा रही वनडे ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच रोमांच अपने चरम पर देखने को मिला। एक समय मेजबान टीम जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही थी, लेकिन आखिरी क्षणों में मैच का पूरा पासा पलट गया।
दाम्बुला के रनगिरी दाम्बुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार (9 जून) को खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (14) और प्रभसिमरन सिंह (2) जल्दी पवेलियन लौट गए।
हालांकि इसके बाद उपकप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने जिम्मेदारी संभाली और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 114 गेंदों में 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं कप्तान तिलक वर्मा ने भी उनका अच्छा साथ निभाया और 97 गेंदों में उपयोगी 60 रन जोड़े। दोनों बल्लेबाजों की पारियों की बदौलत इंडिया ए ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट के खोकर 277 रन का स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए को नीरोशन डिकवेला (47 रन 45 गेंद) और अविष्का फर्नांडो (45 रन 59 गेंद) ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़कर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। इसके बाद कप्तान सहान अराच्चिगे ने 72 गेंदों में 74 रन की जुझारू पारी खेलकर टीम को जीत की राह पर बनाए रखा।
हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में वापसी की और श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। मैच का सबसे रोमांचक मोड़ आखिरी दो ओवर में आया। श्रीलंका ए को जीत के लिए 12 गेंदों में सिर्फ 10 रन चाहिए थे और उसके हाथ में तीन विकेट बाकी थे। ऐसे में मुकाबला पूरी तरह मेजबान टीम के पक्ष में नजर आ रहा था।
लेकिन 49वें ओवर में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शद खान ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर विजयकांत वियास्कंथ (5) को LBW आउट किया। इसके बाद अगली गेंद में एक गलतफहमी के चलते वनुजा सहान (23) रन आउट हो गए। फिर पांचवी ही गेंद पर मोहम्मद शिराज भी कैच आउट के रुप में अर्शद खान का शिकार बन गए। इस तरह श्रीलंका ए ने सिर्फ 4 गेंदों के भीतर अपने आखिरी 3 विकेट गंवा दिए।
VIDEO:
GAME. TURNED. UPSIDE DOWN.
Sony Sports Network (SonySportsNetwk) June 9, 2026
Sri Lanka ‘A’ looked home and dry before India ‘A’ stormed back when it mattered most.
Here’s how the drama unfolded at the death. #SonySportsNetwork #SonyLIV TeamIndia SLvIND pic.twitter.com/RLdyW8qB9X
Also Read: LIVE Cricket Score
देखते ही देखते जीत की दहलीज पर खड़ी श्रीलंकाई टीम 48.5 ओवर में 269 रन पर सिमट गई और इंडिया ए ने 8 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर ली। भारत के लिए गेंदबाजी में अनूकुल रॉय, अरशद खान, आयुष बदोनी और विप्रज निगम ने 2-2 विकेट और अंशुल कंबोज ने 1 विकेट लिया।