ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने माना है कि पेट की मांसपेशियों में आई चोट से इतनी जल्दी उबरने पर उन्हें खुद हैरानी हुई है। उन्होंने बताया कि वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध हैं। फिलहाल यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।

दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज के दौरान ग्रीन को चोट लग गई थी, जिसके बाद से वह खेल से बाहर थे, हालांकि 27 वर्षीय ग्रीन ने न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड पर सीरीज के निर्णायक मैच से पहले नेट्स में अभ्यास किया और अब वह मंगलवार से शुरू होने वाले मैच के लिए चयन की दौड़ में शामिल हैं।

'आईसीसी' संग बातचीत करते हुए ग्रीन ने कहा, "मैं काफी हैरान हूं कि यह चोट कितनी जल्दी ठीक हो गई या कुछ ही हफ्तों बाद मैं कितना बेहतर महसूस कर रहा हूं। यह वाकई अजीब था। मुझे लगता है कि चोट लगने और उसके बाद मांसपेशियों में समस्या आने के बीच एक स्पष्ट संबंध है। मुझे नहीं लगता कि यह महज एक संयोग है, बल्कि दोनों बातें आपस में जुड़ी हुई हैं।"

उन्होंने कहा, "असल में मुझे ऐसी जगह चोट लगी, जहां कोई नहीं चाहेगा कि चोट लगे। इसके दो गेंद बाद, जब मैंने विकेट के पीछे एक शॉट खेलने की कोशिश की, तो जाहिर है कि मेरी मांसपेशियों में खिंचाव आया। मुझे लगता है कि चोट लगने के बाद मेरी मांसपेशियां उस समय हिलने-डुलने के लिए तैयार नहीं थीं। यह एक काफी अनोखी चोट है। ऐसे बहुत कम लोग हैं जिन्हें ऐसी चोट लगी हो और उन्होंने कुछ ही हफ्तों बाद खेलने की कोशिश की हो। मेडिकल स्टाफ के पास भी इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन अब मैं आखिरी मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।"

ऑस्ट्रेलिया ने डरबन में पहला टेस्ट 214 रनों से जीता था, जिसके बाद साउथ अफ्रीका ने गेबेरहा में खेले गए दूसरे मैच में वापसी करते हुए एक पारी और 31 रनों से जीत दर्ज की। ग्रीन उस ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे, जिसे पिछले साल लॉर्ड्स में खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी फाइनल में साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच में ग्रीन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे।

उन्होंने कहा कि उस अनुभव से उन्हें साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाजी आक्रमण से मिलने वाली चुनौतियों के बारे में काफी कुछ सीखने को मिला। ग्रीन ने कहा, "निश्चित रूप से एक कठिन अनुभव था। यह काफी अनोखा था कि आप इंग्लैंड में ड्यूक्स गेंद से साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेल रहे थे। मुझे लगता है कि इससे बहुत कुछ सीखने को मिला, जिसमें कई कड़े सबक भी शामिल थे।"

उन्होंने कहा, “जाहिर है कि उनकी गेंदबाजी लाइन अप इतनी शानदार है कि उनके खिलाफ सफल होने के लिए आपको हर समय अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा, चाहे आप किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे हों। हालांकि, टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करना वाकई बहुत मुश्किल है। उनके शुरुआती गेंदबाज नई गेंद से बेहतरीन गेंदबाजी करते हैं, इसलिए आपको बहुत कड़ी मेहनत करनी पड़ती है, खासकर शुरुआत में।”

2020 में अपने टेस्ट डेब्यू के बाद से ग्रीन ने तीसरे से लेकर आठवें नंबर तक, हर क्रम पर बल्लेबाजी की है। जब उनसे पूछा गया कि उन्हें किस नंबर पर बल्लेबाजी करना सबसे ज्यादा सहज लगता है, तो उन्होंने मिडिल ऑर्डर को चुना। बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में उन्होंने मिडिल ऑर्डर (पांचवें नंबर) पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था और दो टेस्ट मैचों की उस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे, जिसमें उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया था।

उन्होंने कहा, “जाहिर है कि उनकी गेंदबाजी लाइन अप इतनी शानदार है कि उनके खिलाफ सफल होने के लिए आपको हर समय अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा, चाहे आप किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे हों। हालांकि, टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करना वाकई बहुत मुश्किल है। उनके शुरुआती गेंदबाज नई गेंद से बेहतरीन गेंदबाजी करते हैं, इसलिए आपको बहुत कड़ी मेहनत करनी पड़ती है, खासकर शुरुआत में।”

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार