इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने खुद को फिर से चर्चा में आए 'सैंडपेपर गेट' विवाद से दूर कर लिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने कभी बॉल टैम्परिंग होते नहीं देखी है। इसके साथ ही, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के 2018 के स्कैंडल से जुड़ी बहस में पड़ने से भी इनकार कर दिया।

ब्रूक का यह बयान शुक्रवार को पर्थ स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले पहले वनडे से ठीक पहले आया है। उस्मान ख्वाजा की हाल ही में लॉन्च हुई किताब 'सब्र' ने मार्च 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन टेस्ट में हुई बॉल टैम्परिंग की घटना पर फिर से चर्चा छेड़ दी है।

इस विवाद के बारे में पूछे जाने पर ब्रूक ने कहा कि उन्हें इस घटना के बारे में कोई प्रत्यक्ष जानकारी नहीं है, क्योंकि जब यह स्कैंडल ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में सामने आया था, तब वह महज एक किशोर थे।

'द इंडिपेंडेंट' की रिपोर्ट के अनुसार, मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में ब्रूक ने कहा, "मैंने पहले कभी बॉल टैम्परिंग नहीं देखी है। मैं उस (ऑस्ट्रेलियाई) ड्रेसिंग रूम में नहीं था। उस समय मेरी उम्र लगभग 17 या 18 साल रही होगी, इसलिए मुझे इन सब चीजों के बारे में कुछ भी पता नहीं था।"

इंग्लैंड के कप्तान ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता आठ साल पुरानी घटनाओं पर चर्चा करने के बजाय, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज (व्हाइट-बॉल असाइनमेंट) के लिए अपनी टीम को तैयार करना है। उन्होंने आगे कहा, "हम यहां ऑस्ट्रेलिया में हैं और इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हम बस खुद पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं और खुद को जितना हो सके तैयार कर सकते हैं। फिलहाल हमारा पूरा फोकस सिर्फ खुद पर है। हम बस इतना ही कर सकते हैं। हम यहां ऑस्ट्रेलिया की एक मजबूत टीम के खिलाफ उनके ही घर में खेलने आए हैं।"

ख्वाजा की आत्मकथा ने इस विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ख्वाजा ने दावा किया है कि केप टाउन टेस्ट के दौरान पूरी टीम को पता था कि सैंडपेपर का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पोर्ट एलिजाबेथ (जिसे अब गेबेरहा के नाम से जाना जाता है) में खेले गए पिछले टेस्ट मैच के दौरान भी ऑस्ट्रेलिया ने गेंद पर इस चीज का इस्तेमाल किया था।

उनके इन खुलासों का समर्थन पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर ने भी किया है। इस स्कैंडल के बाद वॉर्नर पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था और उन्हें भविष्य में कभी भी टीम की कप्तानी करने से आजीवन प्रतिबंधित कर दिया गया था। हालांकि, 2024 में नेतृत्व संबंधी प्रतिबंध को हटा दिया गया था।

इस बीच, ब्रूक ने पर्थ में सीरीज की शुरुआत करने को लेकर उत्साह जताया और पिछली एशेज सीरीज के दौरान वहां के माहौल को याद किया। उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच सीरीज हमेशा शानदार होती है और हम इसकी शुरुआत करने के लिए उत्सुक हैं। यहां आकर हमें बहुत खुशी हो रही है। हम सभी ऑप्टस स्टेडियम में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जहां पिछली एशेज सीरीज शुरू हुई थी। क्रिकेट खेलने के लिए यह एक बेहतरीन जगह है। जब हम यहां खेले थे, तो वहां का माहौल अविश्वसनीय था।"

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार