ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज ट्रेविस हेड का कहना है कि वह टेस्ट क्रिकेट में बतौर सलामी बल्लेबाज आगे भी खेलना जारी रखना चाहते हैं। हेड ने कहा कि वह अपने खेल को लेकर काफी सहज हैं और वह ओपनर के तौर पर अहम भूमिका निभा सकते हैं।
शुक्रवार को हेड को ऑस्ट्रेलिया के 'क्रिकेटर ऑफ द ईयर' के तौर पर प्रतिष्ठित एलन बॉर्डर मेडल से सम्मानित किया गया। हेड ऑस्ट्रेलिया की ओर से व्हाइट-बॉल क्रिकेट में लगातार सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाते हैं। हालांकि, हेड को इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज से पहले सिर्फ भारत और श्रीलंका में खास परिस्थितियों में ही टेस्ट में ओपनिंग करते देखा गया था।
इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के दौरान पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में उस्मान ख्वाजा के चोटिल होने के बाद ट्रेविस हेड को ओपनिंग करने का मौका मिला था। हेड इस मौके को दोनों हाथों से भुनाने में सफल भी रहे। उन्होंने पर्थ में 83 गेंदों पर शानदार 123 रन बनाए जिससे ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड पर दो दिन में जीत हासिल करने में मदद मिली। इसके बाद उन्होंने एडिलेड और सिडनी में भी शतक लगाए और एशेज सीरीज का समापन 629 रनों के साथ किया।
उनके प्रदर्शन का असर अब उस सीरीज से कहीं आगे तक दिख रहा है। हेड का ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट ओपनर के तौर पर अपनी जगह बनाए रखना तय लग रहा है, क्योंकि टीम का आने वाला शेड्यूल काफी व्यस्त है, जिसमें टीम 20 टेस्ट खेल सकती है, या अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचती है तो 21 टेस्ट खेल सकती है।
टॉप ऑर्डर में अपनी भूमिका पर बात करते हुए हेड ने माना कि उनका फर्स्ट-क्लास करियर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में ओपनिंग बल्लेबाज की पारंपरिक छवि के अनुरूप नहीं है। हेड ने 'ईएसपीएन क्रिकइन्फो' से कहा, "मुझे सटीक आंकड़े तो नहीं पता, लेकिन मैंने शायद 170 या 180 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हैं। उनमें से शायद दस में ही मैंने ओपनिंग की होगी। मुझे लगता है कि इससे पता चलता है कि मैं ओपनिंग बल्लेबाज नहीं हूं, यानी उस तरह का असली सलामी बल्लेबाज नहीं, जिसके लिए ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट जाना जाता है। ऐसे खिलाड़ी जो शुरुआती स्तर से ही ओपनिंग करते हुए आए हों, स्टेट क्रिकेट में ओपनिंग की हो और टेस्ट क्रिकेट में भी ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर खेले हों।"
उनके प्रदर्शन का असर अब उस सीरीज से कहीं आगे तक दिख रहा है। हेड का ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट ओपनर के तौर पर अपनी जगह बनाए रखना तय लग रहा है, क्योंकि टीम का आने वाला शेड्यूल काफी व्यस्त है, जिसमें टीम 20 टेस्ट खेल सकती है, या अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचती है तो 21 टेस्ट खेल सकती है।
Also Read: LIVE Cricket Score
बतौर सलामी बल्लेबाज हेड की सफलता 2025/26 के यादगार इंटरनेशनल सीजन का एक अहम हिस्सा रही, जिसमें उन्होंने तीनों फॉर्मेट में 30 मैचों में 1,437 रन बनाए। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अवॉर्ड कार्यक्रम में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें लगातार दूसरे साल प्रतिष्ठित एलन बॉर्डर मेडल मिला। हेड को 153 वोट मिले और उन्होंने साउथ ऑस्ट्रेलिया के अपने साथी और विकेटकीपर-बल्लेबाज एलेक्स कैरी को पीछे छोड़ा, जिन्हें 152 वोट मिले थे। कैरी ने 24 मैचों में 1,079 रन बनाए।