इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के अपने इवेंट्स के लिए वेन्यू की विशिष्टता से जुड़े नियमों के चलते, विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का दूसरा हाफ क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) के ब्रेबोर्न स्टेडियम से वानखेड़े स्टेडियम में शिफ्ट किया जा सकता है।

शनिवार को एक सूत्र ने 'आईएएनएस' से कहा, "हां, इस बारे में चर्चा चल रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी होने वाली है, और आईसीसी के प्रोटोकॉल के अनुसार, किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी करने वाले वेन्यू के बीच 15 दिनों का अंतर होना चाहिए। यह समय-सीमा डब्ल्यूपीएल के दूसरे हाफ के दौरान आ रही है। अगर डब्ल्यूपीएल का दूसरा हाफ (फाइनल सहित) मुंबई के सीसीआई में होता है, तो वह 15 दिनों का गैप नहीं मिल पाएगा। इसलिए, डब्ल्यूपीएल कमिटी अभी इसी विषय पर चर्चा कर रही है। फिलहाल वे इसे सुलझाने में लगे हैं, और बातचीत पूरी होने के बाद जल्द ही कोई आधिकारिक जानकारी आने की उम्मीद है।"

मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार, डब्ल्यूपीएल का पांचवां संस्करण 14 जनवरी 2027 से शुरू होगा। उद्घाटन मुकाबले में मौजूदा चैंपियन और दो बार की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना मुंबई इंडियंस से वडोदरा में होगा। टूर्नामेंट में कुल 22 मैच खेले जाएंगे, जिनमें से शुरुआती 11 मुकाबले 24 जनवरी तक वडोदरा में आयोजित होंगे। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण 26 जनवरी से मुंबई में खेला जाएगा।

डब्ल्यूपीएल 2027 का लीग चरण 3 फरवरी को समाप्त होगा। प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर रहने वाली टीमें सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी। वहीं, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच 5 फरवरी को एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। इसके विजेता का सामना शीर्ष टीम से 7 फरवरी को होने वाले फाइनल में होगा।

छह टीमों वाला पहला आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट 14 से 28 फरवरी तक चलेगा। इसके मैच मुंबई के सीसीआई और वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। ये वही स्थान हैं जो फिलहाल डब्ल्यूपीएल 2027 के लिए तय किए गए हैं। नियमों के अनुसार, किसी भी वैश्विक टूर्नामेंट के शुरू होने से लगभग तीन सप्ताह पहले आईसीसी इन मैदानों का नियंत्रण अपने हाथ में ले लेती है और पूरे टूर्नामेंट के दौरान ये मैदान पूरी तरह से आईसीसी के नियंत्रण में रहते हैं।

2025 डब्ल्यूपीएल का एलिमिनेटर और फाइनल ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला गया था, जहां मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ रन से हराकर दूसरी बार खिताब जीता। अगर आयोजन स्थल में बदलाव होता है, तो यह पहली बार होगा जब वानखेड़े स्टेडियम में डब्ल्यूपीएल के मैच खेले जाएंगे।

मेजबान भारत के अलावा, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेंगी। ये सभी छह टीमें एक सिंगल राउंड-रॉबिन लीग में प्रतिस्पर्धा करेंगी। अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें 28 फरवरी को होने वाले फाइनल में पहुंचेंगी।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार