इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह को लेकर बड़ी डील पूरी हो गई है। इस समझौते के तहत तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) में शामिल होंगे, जबकि भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस (एमआई) का हिस्सा बनेंगे।

हालांकि, आधिकारिक घोषणा से पहले इस डील को औपचारिक मंजूरी मिलना अभी बाकी है। एक सूत्र ने शनिवार को 'आईएएनएस' को बताया, "हां, इस ट्रेड के लिए शुरुआती कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अब इसे बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल से औपचारिक मंजूरी मिलनी है, जिसके बाद अंतिम रकम के साथ इसकी घोषणा की जा सकती है।"

आईएएनएस ने 3 नवंबर को ही रिपोर्ट दी थी कि 17 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन से पहले, श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पीबीकेएस ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) जैसी अन्य टीमों को पीछे छोड़ते हुए हार्दिक पंड्या को अपनी टीम में शामिल करने की बाजी मार ली है।

शुरुआत में विकेटकीपर-बल्लेबाज विष्णु विनोद भी इस अदला-बदली का हिस्सा थे, लेकिन आईएएनएस को मिली जानकारी के अनुसार, अब उन्हें इसमें शामिल नहीं किया गया है। एक अन्य सूत्र ने बताया, "नहीं, वह इस ट्रेड डील का हिस्सा नहीं हैं।"

इस ट्रेड के साथ मुंबई इंडियंस (एमआई) में हार्दिक का दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया है। यह कार्यकाल तब शुरू हुआ था जब आईपीएल 2024 से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें गुजरात टाइटंस (जीटी) से एक 'ऑल-कैश' डील के जरिए अपनी टीम में शामिल किया और रोहित शर्मा की जगह उन्हें कप्तान बना दिया था। रोहित शर्मा की कप्तानी में ही टीम ने पांच खिताब जीते थे।

अर्शदीप आईपीएल 2019 से ही पीबीकेएस के साथ जुड़े हुए हैं, और वहां उनके शानदार प्रदर्शन ने ही उनके लिए भारतीय टीम में जगह बनाने का रास्ता खोला। फिलहाल, अर्शदीप न्यूजीलैंड में जारी वनडे सीरीज खेल रहे हैं और टी20 फॉर्मेट में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। पंड्या और अर्शदीप, दोनों ही 2024 और 2026 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे।

आईएएनएस को यह भी पता चला है कि पीबीकेएस ने ऑस्ट्रेलिया के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को लखनऊ सुपर जायंट्स के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान के बदले ट्रेड करने पर विचार किया था, लेकिन अब फ्रेंचाइजी का इरादा बदल गया है, और अगर सब कुछ ठीक रहा, तो उन्हें 2027 आईपीएल सीजन के लिए रिटेन किए जाने की संभावना है।

यह भी जानकारी मिली है कि राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच दो से अधिक खिलाड़ियों को शामिल करते हुए एक बड़े ट्रेड को लेकर बातचीत चल रही है। हालांकि, जिन खिलाड़ियों के नाम चर्चा में हैं, उनके बारे में आधिकारिक घोषणा आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मंजूरी मिलने के बाद की जाएगी

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार