पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली आईपीएल 2026 की मिनी ऑक्शन में एक बड़ी रकम (पर्स) के साथ उतर सकती है। इसके लिए उन्हें एनरिक नॉर्टजे, वानिंदु हसरंगा और आवेश खान जैसे खिलाड़ियों को रिलीज करना होगा, जिससे उन्हें एक भरोसेमंद मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज खरीदने का मौका मिलेगा

आईपीएल 2026 में एलएसजी का प्रदर्शन बहुत खराब रहा था। टीम 14 में से केवल 4 मैच जीत पाई और 8 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही।

आकाश चोपड़ा ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "एलएसजी के साथ समस्या यह है कि उनके सभी विदेशी बल्लेबाज टॉप-ऑर्डर के खिलाड़ी हैं। मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन और मैथ्यू ब्रीट्जके - ये सभी टी20 में टॉप-ऑर्डर पर अच्छा खेलते हैं। गेंदबाजी की बात करें तो, एनरिक नॉर्टजे अक्सर चोटिल हो जाते हैं, इसलिए एलएसजी उन्हें रिलीज करने के बारे में सोच सकती है।"

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने आगे कहा, "उनके पास कुलदीप यादव हैं, जो उनके लिए एक शानदार ट्रेड साबित होंगे। वह इकाना स्टेडियम में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे। कुलदीप के आने से वानिंदु हसरंगा पर उनकी निर्भरता खत्म हो गई है, जिसका मतलब है कि उन्हें भी रिलीज किया जा सकता है। जॉर्ज लिंडे को भी ज्यादा मैच खेलने को नहीं मिलेंगे। मयंक यादव अब अपनी चोट की समस्याओं से उबर चुके हैं और प्रिंस यादव के आने से उनके पास तेज गेंदबाजी के इतने विकल्प मौजूद हैं कि वे किसी सीनियर तेज गेंदबाज को रिलीज कर सकते हैं।"

आकाश ने कहा कि एलएसजी आवेश को भी रिलीज करने के बारे में सोच सकती है। उन्होंने कहा, "इस वजह से आवेश खान को भी रिलीज किया जा सकता है। उनका पिछला सीजन खराब नहीं था, लेकिन उनकी कीमत बहुत ज्यादा है। ऐसे में, ज्यादा फंड जुटाने के लिए टीम उन्हें रिलीज कर सकती है। अगर वह इन सभी खिलाड़ियों को रिलीज कर देते हैं, तो मिनी ऑक्शन में एलएसजी के पास एक बड़ी रकम होगी। इससे वह एक अच्छा मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज खरीद सकते हैं और उस समस्या को हल कर सकते हैं, जो पिछले कुछ सीजन से उनके लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।"

ऑक्शन में एलएसजी को मिलने वाली प्रतिस्पर्धा के बारे में आकाश चोपड़ा ने कहा कि स्थिति तभी साफ होगी, जब बाकी फ्रेंचाइजी 17 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन तक यह बता देंगी कि वे किन खिलाड़ियों को रिटेन कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा, "उन्हें ऑक्शन में काफी मेहनत करनी पड़ेगी क्योंकि कई टीमों ने अभी तक अपनी रिटेंशन लिस्ट फाइनल नहीं की है। अगर कोई बड़ा भारतीय खिलाड़ी रिलीज होता है और वह मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज है, तो वह उस खिलाड़ी को हासिल करने के लिए पूरी कोशिश करेंगे। मगर अगर उन्हें कोई अच्छा भारतीय विकल्प नहीं मिलता है, तो मुझे लगता है कि उन्हें किसी विदेशी खिलाड़ी की ओर देखना चाहिए।"

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार