New Delhi: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 'पद्म श्री' से सम्मानित किया। इस साल सम्मानित होने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में हरमनप्रीत भी शामिल थीं। उनके साथ भारतीय पुरुष टीम के दिग्गज क्रिकेटर रोहित शर्मा को भी यह सम्मान मिला।
हरमनप्रीत कौर को यह सम्मान भारतीय क्रिकेट में उनके शानदार योगदान और 'विमेन इन ब्लू' को अंतरराष्ट्रीय सफलताएं दिलाने में उनके नेतृत्व को देखते हुए दिया गया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने साल 2025 में अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीता। इस वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर अपना पहला खिताब जीता था।
यह सम्मान राष्ट्रपति भवन में आयोजित पहले नागरिक अलंकरण समारोह के दौरान प्रदान किया गया। राष्ट्रपति मुर्मू ने विभिन्न श्रेणियों में पद्म पुरस्कार प्रदान किए, जिनमें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री शामिल हैं। कुल मिलाकर, साल 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी गई है।
इससे पहले, जब पुरस्कार विजेताओं की सूची की घोषणा की गई थी, तब हरमनप्रीत ने अपनी विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टीम मुंबई इंडियंस की तरफ से साझा किए गए एक वीडियो में आभार व्यक्त करते हुए इस क्षण को अपने परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया था।
फ्रेंचाइजी की तरफ से साझा किए गए एक वीडियो में हरमनप्रीत कौर ने कहा था, "मेरे पिताजी को राष्ट्रपति भवन से फोन आया। इस साल मुझे पद्म श्री पुरस्कार मिलने वाला है। मुझे लगता है कि यह मेरे लिए बहुत बड़ा क्षण है। मुझे खुशी है कि, मुझसे पहले मेरे माता-पिता को इस बारे में पता चला।"
इससे पहले, जब पुरस्कार विजेताओं की सूची की घोषणा की गई थी, तब हरमनप्रीत ने अपनी विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टीम मुंबई इंडियंस की तरफ से साझा किए गए एक वीडियो में आभार व्यक्त करते हुए इस क्षण को अपने परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया था।
Also Read: LIVE Cricket Score
37 वर्षीय हरमनप्रीत भारत की तरफ से 195 टी20 मुकाबलों में 29.78 की औसत के साथ 3,991 रन बना चुकी हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है। 164 वनडे मुकाबलों में उन्होंने 7 शतकों के साथ 4,541 रन बनाए हैं। 7 टेस्ट मुकाबलों में दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 230 रन जुटाए हैं।