पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) ने बुधवार को सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट 2026/27 के लिए टीम का ऐलान किया। पंजाब टीम की कमान रमनदीप सिंह के हाथों में सौंपी गई है।

इसके साथ ही हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार शतक लगाने वाले युवा बल्लेबाज अर्जुन राजपूत अंडर-19 एशिया कप में अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने के बाद टीम से जुड़ेंगे। राजपूत के टीम से जुड़ने का समय इस बात पर निर्भर करेगा कि अंडर-19 एशिया कप में भारत कैसा प्रदर्शन करता है। बता दें कि गुरुवार को मस्कट में होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला अफगानिस्तान से होना है।

पंजाब की टीम में एक और बदलाव हुआ है। विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह की जगह सहज धवन को टीम में शामिल किया गया है। प्रभसिमरन को 'मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप' (जो 19 से 29 नवंबर तक दोहा में खेला जाएगा) के लिए भारत-ए टीम में चुना गया है।रमनदीप टीम की कमान संभालेंगे, जबकि शानदार फॉर्म में चल रहे सलिल अरोड़ा विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे। अनुभवी अनमोलप्रीत सिंह और सनवीर सिंह के साथ-साथ उदय सहारन और विहान मल्होत्रा ​​टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देंगे। स्पिन गेंदबाजी की कमान लेफ्ट-आर्म स्पिनर हरप्रीत बरार और लेग-स्पिनर रघु शर्मा संभालेंगे।

इस साल 'शेर-ए-पंजाब' टूर्नामेंट में प्रभावित करने वाले सुखदीप बाजवा, कृष भगत, जशन जिंदल, इमानजोत सिंह चहल, साहिल भास्कर, कार्तिक चड्ढा और विश्व नाथ प्रताप भी टीम का हिस्सा हैं। इसके अलावा, अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव भी टीम में शामिल हैं, जो इस सीजन के लिए गेस्ट प्लेयर के तौर पर पंजाब से जुड़े हैं।

पंजाब को एलीट ग्रुप-बी में रखा गया है, जिसमें उनके साथ हरियाणा, दिल्ली, रेलवे, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, सौराष्ट्र और बिहार की टीमें शामिल हैं। पंजाब की टीम अपने अभियान का आगाज 14 नवंबर को हरियाणा के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम की अगली भिड़ंत 16 नवंबर को दिल्ली से होगी। वहीं, 18 नवंबर को टीम का सामना रेलवे से होगा, जबकि 20 नवंबर को पंजाब की भिड़ंत तमिलनाडु से होनी है। 22 नवंबर को पंजाब के सामने जम्मू-कश्मीर की चुनौती होगी, तो 24 नवंबर को टीम का सामना सौराष्ट्र से होगा। 26 नवंबर को पंजाब और बिहार के बीच मुकाबला खेला जाएगा। पंजाब ने इससे पहले 2023/24 में खिताब जीता था और चार बार उपविजेता (रनर-अप) रहा है।

पंजाब की टीम: विश्व नाथ प्रताप, प्रभसिमरन सिंह (बाद में उनकी जगह सहज धवन आएंगे), विहान मल्होत्रा, अनमोलप्रीत सिंह, उदय सहारन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), रमनदीप सिंह (कप्तान), सनवीर सिंह, रघु शर्मा, हरप्रीत बराड़, साहिल भास्कर, कार्तिक चड्ढा, इमानजोत सिंह चहल, सुखदीप बाजवा, जशन जिंदल, कृष भगत और उमेश यादव।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार