बाएं हाथ के स्पिनर नसीर खान मारूफखिल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट डेब्यू की पहली ही इनिंग में 7 विकेट चटकाए। इसी के साथ मारूफखिल डेब्यू टेस्ट मैच की पहली पारी में 7 विकेट हासिल करने वाले दूसरे अफगान गेंदबाज बन गए। मारूफखिल के सामने जिम्बाब्वे की पहली पारी सिर्फ 339 रन पर सिमट गई, लेकिन दूसरे दिन की समाप्ति तक अफगानिस्तान ने महज 159 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए हैं।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम पहली पारी में 339 रन पर सिमट गई। इनोसेंट काइया ने बेन करेन के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े। बेन 5 बाउंड्री के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद काइया ने ब्रेंडन टेलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की।

टीम को 200 के स्कोर पर इनोसेंट काइया के रूप में दूसरा झटका लगा, जो 1 छक्के और 11 चौकों के साथ 96 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि 291 के स्कोर तक टीम को सातवां झटका लग गया। हालांकि, इस बीच ब्रेंडन टेलर (15 बाउंड्री के साथ 119 रन) ने अंतुम नकवी (8) के साथ 35 रन, जबकि तफाद्जवा त्सिगा (20) के साथ छठे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की।

ब्रैड इवांस (नाबाद 32) ने ग्रीम क्रेमर के साथ आठवें विकेट के लिए 21 रन जोड़े, लेकिन 110वें ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर टीम को क्रेमर (7) और विन्सेंट मासेकेसा (0) के रूप में दो झटके लग गए। अंतिम जोड़ी के रूप में ब्रैड इवांस ने ब्लेसिंग मुजरबानी के साथ 27 रन जोड़कर टीम को 339 के स्कोर तक पहुंचाया।

अफगान खेमे से नसीर खान मारूफखिल ने 44 ओवरों में 151 रन देकर 7 विकेट हासिल किए, जबकि जियाउर रहमान शरीफी ने 2 विकेट निकाले। एक विकेट यामीन अहमदजई के हाथ लगा।

इसके जवाब में अफगानिस्तान ने दिन की समाप्ति तक 48 ओवरों का सामना किया। इस टीम ने महज 8 के स्कोर पर सेदीकुल्लाह अटल (1) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद 27 रन तक उसे अब्दुल मलिक (18) के रूप में दूसरा झटका भी लग गया। यहां से हशमतुल्लाह शाहिदी ने रहमानुल्लाह जादरान के साथ तीसरे विकेट के लिए 46 रन, जबकि रहमत शाह के साथ चौथे विकेट के लिए 27 रन जोड़कर टीम का शतक पूरा करवाया।

अफगानिस्तान ने 100 के स्कोर पर चौथा विकेट गंवाया, जिसके बाद अफसर जजई ने मोर्चा संभाला। इस बीच कप्तान रहमत शाह 30 रन बनाकर आउट हुए, जबकि दिन की समाप्ति तक जजई 5 चौकों के साथ 33 रन बनाकर नाबाद थे। विपक्षी खेमे से ब्लेसिंग मुजरबानी 31 रन देकर 3 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि विन्सेंट मासेकेसा ने 2 विकेट निकाला है। इनके अलावा, ब्रैड इवांस 1 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा था। ऐसे में दोनों टीमें दूसरे मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेंगी। इससे पहले, अफगान टीम तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' कर चुकी है।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार